तालाबपुरा की गलियां भैंसों का बनी तबेला
ललितपुर।
शहर का वार्ड नंबर 20 तालाबपुरा प्रथम की गलियां भैंसों का तबेला बन गई हैं। वहीं, सुम्मेरा तालाब और खाली प्लॉटों में पसरी गंदगी स्वच्छता अभियान को चिढ़ा रही है। इसके अलावा शनि मंदिर के पास पेयजल की समस्या भी बनी हुई है।
शहर के बीचोबीच स्थित मुहल्ला तालाबपुरा दो वार्डों में विभाजित है। इसके बाद भी इन वार्डों का विकास नहीं हो पाया है। वार्ड नंबर बीस तालाबपुरा प्रथम में ऐतिहासिक और आस्था का प्रतीक सुम्मेरा तालाब है। इसकी गंदगी किसी से छिपती नहीं है। पिछले 15 साल से इसकी सफाई का प्रयास हो रहा है। यही नहीं, पालिका, प्रशासन और पर्यटन विभाग इसके सौंदर्यीकरण पर लाखों रुपये खर्च कर चुके हैं। लेकिन आज भी तालाब पुरानी स्थिति में नजर आता है। बंध के बीच की गलियों में भैंस बांधी जा रही है। वहीं, साफ-सफाई की समस्या बनी रहती है। मां शारदा मंदिर के पास नाले पर अतिक्रमण हो गया है तो खाली प्लॉट में नाली का गंदा पानी एकत्रित हो रहा है। वर्षों से पुलिया की सफाई नहीं हुई है। जिस कारण पुलिया के नीचे पानी की निकासी संभव नहीं हो पा रही है। शनि मंदिर के बगल से निकले मार्ग पर बिछाए गए ईट जगह-जगह उखड़ गए हैं तो आगे का मार्ग कच्चा है। यहां पाइप लाइन चोक होने से जलापूर्ति भी बाधित हो रही है। इसके अतिरिक्त एचके टेलर के सामने कूड़ा उठान की समस्या बनी हुई है। मुहल्लेवासियों का कहना है कि कई मुहल्लों का कूड़ा एक स्थान पर एकत्रित किया जाता है। इससे यहां कूड़ा सड़क पर फैल जाता है। कई बार नगर पालिका के अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है।
तालाब की सफाई प्राथमिकता में
सुम्मेरा तालाब से शहरवासियों की आस्था जुड़ी हुई है। इसे प्राथमिकता में रखा है। बोर्ड बैठक में तालाब को खाली कराने का प्रस्ताव रखा था, जिसे नजरअंदाज कर दिया गया है। यदि अभी पानी की निकासी हो जाए तो उसका गहरीकरण आसान हो जाएगा। शनि मंदिर के पास व्याप्त पेयजल समस्या को भी अफसरों के समक्ष रख चुके हैं। वार्ड की सफाई पर निरंतर ध्यान दिया जा रहा है।
शिवानी पाठक
सभासद, वार्ड नंबर बीस तालाबपुरा प्रथम
खाली प्लॉट पर बनवाए धर्मशाला
सरपट के पास खाली प्लॉट में एकत्रित हो रहा नाली का गंदा पानी बड़ी समस्या है। इसका स्थायी निदान यहां धर्मशाला बनवाकर किया जा सकता है। धर्मशाला बनने सके जहां साफ-सफाई की समस्या समाप्त हो जाएगी। वहीं, धर्मशाला बनने पर मुहल्लेवासी इसका उपयोग कर सकेंगे।
राजेश यादव
गली की सड़क कराई जाए पक्की
शारदा माता मंदिर के पुजारी के मकान से सटी गली में कच्ची सड़क है। इससे स्थानीय लोगों को आने-जाने में असुविधा होती है। यदि सड़क व नाली पक्की करा दी जाए तो लोगों की आवाजाही आसान हो जाएगी। वहीं, वार्ड में कूड़ा उठान की समस्या किसी से छिपी नहीं है।
मनीराम
हैंडपंप के अभाव में होती असुविधा
बीच के बंध पर आसपास हैंडपंप नहीं है। जब कभी पाइप पेयजल आपूर्ति बाधित हो जाती है तो करीब पांच सौ मीटर दूरी तय करके पानी जुटाना पड़ता है। यदि संस्कार पैलेस के पास हैंडपंप लगा दिया जाए तो आसपास के परिवार के लिए पेयजल की सुविधा हो जाएगी। उन्होंने सुम्मेरा तालाब की सफाई के मामले में बरती जा रही लापरवाही पर चिंता व्यक्त की है।
कविता रैकवार