टैंकर से पिलाते रहे पानी, नहीं बनवाई टंकी
वार्ड नंबर तीन मुहल्ला नेहरू नगर
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। वार्ड नंबर तीन मुहल्ला नेहरू नगर के बाशिंदे हर चुनाव में छले जाते हैं। नेता वायदे कर वोट ले लेते हैं, लेकिन पेयजल समस्या का स्थाई समाधान नहीं करते हैं। अब नेताओं ने स्थानीय लोगों का गुस्सा ठंडा करने के लिए पैतरेबाजी शुरू कर दी है। पिछले पांच सालों से यहां टैंकर से पानी पिलवाया जा रहा है। लेकिन टंकी बनवाने का आश्वासन आज पूरा नहीं हो सका है।
शहर के किनारे बसा नेहरू नगर कई वर्षों से पेयजल की समस्या से जूझ रहा है। यहां का भूगर्भ जलस्तर काफी नीचे है। जिस कारण हैंडपंप सफल नहीं होते हैं तो पाइप पेयजल का भी बुरा हाल है। मुहल्लेवासी एक बार तो लोकसभा चुनाव के मतदान का बहिष्कार कर चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो सका है। झांसी ललितपुर संसदीय क्षेत्र से निर्वाचित उमा भारती ने टंकी निर्माण का भरोसा दिया था। इस क्षेत्र को एक योजना में शामिल किया गया। वर्तमान में हालात नहीं बदल सके हैं। यहां के नागरिक कई सालों से टैंकर का पानी पी रहे हैं। इसके अलावा सड़क, बिजली, नाली का भी वायदा पूरा नहीं हो सका है।
......
फोटो 15
कैप्सन- राजेंद्र दुबे
पांच साल में नहीं बनवाई सड़क, नाली
नेहरू नगर काफी पिछड़ा क्षेत्र है, जिसके विकास पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है। वर्ष 2016 में सीसी रोड का निर्माण कराया गया। जहां से वार्ड की शुरुआत होती है, वहां का कुछ हिस्सा छोड़ दिया गया और इसे आगे बढ़ा दिया गया। अधूरे निर्माण के कारण खस्ताहाल सड़क से नाली का पानी बहता है। इस तरह की स्थिति वार्ड में जगह-जगह है। इसके अलावा साफ-सफाई वार्ड की प्रमुख समस्या में गिनी जाने लगी है। ऐसा चेयरमैन चाहिए जो बिना किसी भेदभाव के काम करे।
राजेंद्र दुबे
शिक्षक
....
फोटो 16
कैप्सन- कृपाराम पाल
सफाई कर्मियों पर नहीं रख पाए नियंत्रण
अध्यक्ष से लेकर पार्षद समुचित सफाई कराने का भरोसा देते रहे लेकिन सफाई कर्मियों पर किसी का नियंत्रण नहीं दिखा। जब कभी स्थानीय व्यक्ति ने सफाई कर्मी को टोक दिया तो फिर वहां की सफाई नहीं हुई तो कहीं कूड़े को नहीं उठाया। ऐसा चेयरमैन चाहिए जो निर्णय लेने में सक्षम हो और लापरवाहों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करे।
कृपाराम पाल
स्थानीय नागरिक
....
फोटो 17
कैप्सन- सीमा यादव
पानी की टंकी का नहीं कराया निर्माण
वार्ड की सबसे बड़ी समस्या पेयजल की है। यहां टंकी बनवाने की बात लंबे समय से हो रही है लेकिन आज तक इसकी एक ईट भी नहीं रखी गई। महिलाओं को आधा से एक किलोमीटर से पानी जुटाना पड़ रहा है। जब टैंकर आता है तो पानी भरने वालों की भीड़ लग जाती है। कई बार तो झगड़े की नौबत आ जाती है। ऐसा चेयरमैन चाहिए जो महिलाओं की समस्याओं का प्रमुखता से निवारण करे।
सीमा यादव
गृहणी
....
फोटो 18
कैप्सन- दीपक शुक्ला
अविकसित ही रह गया वार्ड
वार्ड में पानी की समस्या किसी से छिपी नहीं है। इसके अलावा कई जगहों पर पक्की नाली का अभाव बना हुआ है तो कई चौराहों पर लाइट नहीं है। जिस जगह नई बस्ती बन रही है, उन जगहों पर न तो पाइप लाइन बिछाई गई है और न ही नालियों का निर्माण कराया गया है। जबकि सबसे पहले इन्हीं क्षेत्रों में सड़क, नाली व बिजली की जरूरत है। ऐसा चेयरमैन बनना चाहिए जिसे सभी वार्डो का निरीक्षण कर समस्याओं का निवारण करे।
दीपक शुक्ला
छात्र