संवाद न्यूज एजेंसी
सिलावन (ललितपुर)। ब्लॉक महरौनी की ग्राम पंचायत अमौरा में 8.17 लाख से अधिक की धनराशि खर्च होने के बाद भी रिपटा का निर्माण अधूरा पड़ा है। इससे ग्रामीणों को समस्या हो रही है। हैरत की बात तो यह है कि जो निर्माण कार्य हुआ है, उसमें भी दरारें पड़ने लगी हैं। ऐसे में खेतों तक ट्रैक्टर ले जाने में किसानों को परेशानी हो रही हैं।
ग्राम पंचायत अमौरा में दरवाजे के सामने नाले से ग्रामीणों को आवागमन में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। कई लोग तो मोटर साइकिल से गिरकर चुटहिल हो चुके हैं। बरसात के दौरान नाले में पानी का बहाव काफी तेज होने पर आवागमन ठप हो जाता है। पुलिया से ट्रैक्टर आदि भारी वाहन निकालने में काफी परेशानी होती है। ग्रामीणों की मांग पर चतुर्थ राज्य-केंद्रीय वित्त आयोग से वर्ष 2022-23 में 8.17 लाख की लागत से कार्यदायी संस्था क्षेत्र पंचायत ने रिपटा निर्माण कार्य प्रारंभ किया है, लेकिन काम अधूरा छोड़ दिया गया। इससे ग्रामीणों की परेशानी जस की तस बनी हुई है। उन्हें आज भी उसी समस्या से गुजरना पड़ रहा हैं जो पहले थी।
आरोप हैं कि पुलिया का मानकों के विपरीत निर्माण किया गया यहीं वजह हैं कि पुलिया में जगह-जगह दरारें पड़ गई हैं। यदि कोई भारी वाहन उस पर से गुजर जाता है तो वह तुरंत धसक सकती है। इसीलिए कार्यदायी संस्था ने उसकी फिलिंग नहीं की है। ग्रामीणों ने उक्त रिपटा की जांच कर संबंधितों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।