महामंडलेश्वर की अस्थि कलश यात्रा में उमड़ा जनसैलाब
ललितपुर। श्री नृसिंह मंदिर के महामंडलेश्वर बालकृष्णदास महाराज के साकेतवासी होने के बाद सोमवार को उनकी अस्थि विसर्जन कलश यात्रा नगर से प्रयाग के लिए रवाना हुई। अस्थि कलश यात्रा में उन्हें अंतिम विदाई देने के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। रथयात्रा में स्थानीय क्षेत्रों के अलावा अन्य पीठों के संत व पुजारी शामिल हुए। अस्थि कलश यात्रा सोमवार को शाम करीब छह बजे श्रीनृसिंह मंदिर से शुरू होकर नगर के मुख्य मार्गों से होते हुए प्रयागधाम के लिए रवाना हुई, रथयात्रा में दर्जनों वाहनों का काफिला रहा। इस दौरान गुड्डू राजा बुंदेला, शशि राजा बुंदेला ने लगभग सौ गाड़ियों के साथ शामिल हुए।
श्रीनृसिंह मंदिर के महामंडलेश्वर बालकृष्णदास महाराज के साकेतवासी होने पर मंदिर परिसर में एक श्रद्धांजलि सभा का आयोजन वृंदावनधाम के महंत किशोर देवजू महाराज एवं अखिल भारतीय चतुस्य संप्रदाय के महंत फूलडोलदास महाराज व बारह घाट के महंत रामप्रवेश दास महाराज के सानिध्य में आयोजित की गई, जिसमें वक्ताओं ने साकेतवासी महामंडलेश्वर द्वारा की गई आजीवन संत सेवा एवं गौसेवा की प्रशंसा की। इस मौके पर पीपा पीठाधीश्वर जगत गुरु महंत झंकारेश्वर दास त्यागी, महंत अशोक नारायण दास गोवर्धन, रामानंद महाराज बराना, रामबालकदास महाराज साढूमल, सूर्यप्रकाश दास महाराज के साथ-साथ राज्यमंत्री मनोहरलाल पंथ, सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, पूर्व सांसद सुजान सिंह बुंदेला, सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौबे, प्रभात दीक्षित उपस्थित रहे। श्रद्धांजलि सभा का संचालन दीनबंधुदास महाराज एवं डा. ओमप्रकाश शास्त्री ने संयुक्त रूप से किया। साथ ही सभा में महाराज की स्मृति में विभिन्न अनुष्ठान एवं विशाल भंडारे की रूप
रेखा तय की गई।