चीफ ने परखीं विद्युत सब स्टेशनों की व्यवस्थाएं
66 को 33 केवी सब स्टेशन में बदलने के निर्देश
आठ से दस एमवीए करें ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि
कर्मचारी नहीं चला सके अग्निशमन यंत्र, जानकारी भी अधूरी
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। विद्युत विभाग के प्रभारी मुख्य अभियंता ने शनिवार को ललितपुर शहर के तीनों विद्युत सब स्टेशनों का निरीक्षण किया। उन्होंने गल्ला मंडी सब स्टेशन में ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि और 66 केवी सब स्टेशन को 33 केवी में बदलने के लिए निर्देश दिए। निरीक्षक में नझाई बाजार सब स्टेशन पर कर्मचारी अग्निशमन यंत्र नहीं चला सके तो वहीं सब स्टेशन के संबंध में मांगी गई तकनीकी जानकारी भी अधूरी बताई, जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त करते हुए कर्मचारियों को तकनीकी पूर्ण जानकारी के साथ काम करने को कहा।
विद्युत विभाग के प्रभारी मुख्य अभियंता राकेश वर्मा ने शनिवार को सबसे पहले गल्ला मंडी विद्युत सब स्टेशन का निरीक्षण किया, जिस पर विभागीय अधिकारियों व कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। सुबह करीब 11 बजे चीफ ने सबसे पहले गल्ला मंडी विद्युत सब स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने यहां सब स्टेशन पर स्थापित वीसीबी मशीनों की स्थिति देेेखी। उन्होंने मशीनों की ट्रिपिंग और लोड की जानकारी ली। उन्होंने यहां लॉग सीट में आपूर्ति और बिजली कटौती एवं शटडाउन आदि के बारे में की गई एंट्री के संबंध में जेई से जानकारी ली। इसके बाद वह यार्ड में स्थापित उच्च क्षमता के ट्रांसफार्मरों व उनके मेंटीनेंस की जानकारी एसडीओ व अवर अभियंता पंकज मौर्य से लेते हुए रखरखाव के बारे में पूछताछ की। उन्होंने यहां स्थापित एक आठ एमबीए के ट्रांसफार्मर की क्षमता वृद्धि करते हुए दस एमबीए करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही उन्होंने यहां स्थापित वर्षों पुराना 66 केवी का विद्युत तंत्र बदलते हुए अब 33 केवी में कंवर्ट करने के निर्देश दिए और कहा कि इसके लिए जो भी प्रक्रिया करनी है वह करें और बेहतर विद्युत आपूर्ति के लिए सभी जरूरी बदलाव करने के निर्देश दिए। उन्होंने यहां अधिकारियों बकाएदारों के कनेक्शन काटने, सब स्टेशन की सफाई एवं सुधार करने, समय से मेंटीनेंस करने, बकाए पर काटे गए कनैक्शन जुड़े पाए जाने पर एफआईआर करने और राजस्व बढ़ाने के मुख्य रुप से निर्देश दिए। इसके बाद उन्होंने बाईपास विद्युत सब स्टेशन और नझाई बाजार स्थित विद्युत सब स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने बाईपास विद्युत सब स्टेशन की विद्युत सप्लाई और मेंटीनेंस के लिए सभी आवश्यक कदम उठाते हुए रोस्टिंग के अनुसार पूरी आपूर्ति करने के निर्देश दिए। उन्होंने नझाई बाजार सब स्टेशन पर कर्मचारी से यार्ड में स्थापित ट्रांसफार्मर व अन्य उपकरणों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने अग्निशमन यंत्र चलाने को कहा तो कर्मचारी उसे नहीं चला सका और न ही विद्युत उपकरणों के संबंध में बहुत अधिक तकनीकी जानकारी दे सका। जिस पर उन्होंने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने एसडीओ से शहर की राजस्व वसूली और अन्य कार्रवाई एवं विभागीय अभिलेखों के बारे में जानकारी ली। इस मौके पर अधीक्षण अभियंता पीआर सिंह, उपखंड अधिकारी प्रथम राजेश पटेल, उपखंड अधिकारी द्वितीय जगदीश प्रसाद, अवर अभियंता पंकज मौर्य, मोहित सोनी उपस्थित रहे।