जिले में 1227 परीक्षार्थियों ने छोड़ी टीईटी
ललितपुर।
जिले में कड़े इंतजामों के चलते 1227 परीक्षार्थियों ने उप्र शिक्षक पात्रता परीक्षा छोड़ दी है। सुबह की पाली में 2862 के सापेक्ष 2260 परीक्षार्थी शामिल हुए। वहीं, द्वितीय पाली में 3076 के मुकाबले 2451 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी है। इस दौरान परीक्षा नियामक प्राधिकारी के नियम कायदे भारी पड़ गए, जिससे विभिन्न परीक्षा केंद्रों पर ऊहापोह की स्थिति बनी रही।
शिक्षामित्रों का सहायक अध्यापक पद से समायोजन रद होने के पश्चात टीईटी की अहमियत बढ़ गई है। इस परीक्षा में शिक्षामित्रों ने भी अपना भाग्य आजमाया है। जिस कारण पिछले साल के मुकाबले इस बार की परीक्षा में परीक्षार्थियों की संख्या बढ़ गई है। जिसे ध्यान में रखकर प्रशासन ने सुबह की पाली में तीन तो द्वितीय पाली में चार केंद्र बनाए। वहीं, परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने परीक्षा को सुचितापूर्ण तरीके से संपन्न कराने के लिए कुछ नये नियम शामिल किए, जिसमें परीक्षार्थी को प्रवेश पत्र के साथ आनलाइन आवेदन में अंकित फोटोयुक्त पहचान पत्र, प्रशिक्षण योग्यता का प्रमाण पत्र या किसी भी सेमेस्टर की निर्गत अंक तालिका की मूल प्रति लेकर परीक्षा केंद्र पर पहुंचना था। तमाम परीक्षार्थियों ने प्रवेश पत्र पर दिए निर्देशों को नजरअंदाज कर दिया। नतीजा यह हुआ कि दर्जनों की संख्या में परीक्षार्थी परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं कर पाए। जो किसी तरह परीक्षा कक्ष में पहुंच गए, उन्हें चेकिंग के दौरान बैरंग घर भेज दिया गया। द्वितीय पाली के दौरान जीजीआईसी में चेकिंग के लिए लंबी कतारें लगी रही, जिससे परीक्षार्थियों को घंटों कतार में खड़ा होना पड़ा।
नेहरू महाविद्यालय में भी ऊहापोह की स्थिति बनी रही। कुल मिलाकर स्टाफ को ज्यादा मेहनत करनी पड़ी। वहीं, परीक्षार्थियों में भी चेकिंग असंतोष देखा गया। कई परीक्षार्थियों का कहना था कि कालेजों को चेकिंग के लिए परीक्षार्थियों को और पहले बुलाना था लेकिन ऐसा नहीं करके परीक्षा का समय बर्बाद किया गया। हालांकि, परीक्षा को नकल विहीन बनाने के लिए समूचा प्रशासन लगा रहा। डीएम मानवेंद्र सिंह व एसपी सलमान ताज पाटिल, जिला विद्यालय निरीक्षक जेपी राजपूत, बीएसए अंबरीश कुमार ने परीक्षा केंद्रों का भ्रमण किया। इसके अलावा सचल दल भी सक्रिय बने रहे।
इतने शामिल हुए परीक्षार्थी
सुबह की पाली में जीजीआईसी में नामांकित 1000 के सापेक्ष 779, जीआईसी में नामांकित 1000 के सापेक्ष 777, नेहरू महाविद्यालय में नामांकित 862 के मुकाबले 704 परीक्षार्थी सम्मिलित हुए हैं। द्वितीय पाली में जीजीआईसी में 1000 के सापेक्ष 789, जीआईसी में 1000 के सापेक्ष 800, नेहरू महाविद्यालय में नामांकित 1000 के मुकाबले 806, वर्णी कालेज में नामांकित 76 के सापेक्ष 56 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी है।