बैनर पोस्टर तक सिमटा अंत्योदय मेला
महरौनी (ललितपुर)। पं. दीनदयाल उपाध्याय जन्म शताब्दी समारोह के अंतर्गत ब्लाक परिसर महरौनी में आयोजित तीन दिवसीय अंत्योदय मेला और प्रदर्शनी के प्रथम दिवस महज बैनर पोस्टर तक ही सिमटा नजर आया। वहीं, मेला में अनेक ऐसे पंडाल थे, जिनमें किसी विभाग द्वारा स्टाल ही नहीं लगाई गई थी। कुछ स्टाल पर विभागीय नुमाईंदे लोगों को योजनाओं के बारे में आवश्यक जानकारी देते हुए औपचारिकता की रस्म निभाते दिखे, जबकि अधिकांश स्टाल पर मौजूद विभागीय कर्मचारी बैनर पोस्टर सजाकर अपनी कुर्सियों पर आराम फरमाते हुए समय पूरा होने का इंतजार करते दिखे।
ऐसे में जिस हिसाब से सरकार सोच रही है कि इन मेला आयोजनों से गरीबों को लाभ मिलेगा तो यह कोरी कल्पना है। अतिव्ययी मेला का आयोजन जागरूकता लाने का उद्देश्य पूरा करता नहीं दिख रहा है। मेला में ग्रामीणों की शिकायत निवारण संबंधी ऐसी कोई व्यवस्था नही दिखी जहां वह अपनी मांग या शिकायत रख सके। अनपढ़ गरीब क्षेत्रवासियों को बैनर पोस्टर में लिखी चीजों से कोई फायदा नहीं है। अनेक ग्रामीण इन स्टाल के सामने दूर से झांकते हुए निकल गये। कुछ ग्रामीणों का कहना था कि वह बैनर पोस्टर पढ़ नहीं पाते हैं और केवल चित्र ही देख सकते हैं। ग्रामीणों के मुताबिक यदि इस मेले में किसी योजना के लाभ से वंचित पात्र की मांग पर त्वरित जांच करा के उसमें लाभान्वित कराया जाता तो यह मेला गरीबों के लिए लाभकारी समझ आता।
जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से आयोजित अंत्योदय मेला प्रथम दिवस सामान्य चला जिसमें लोगों की कोई खास रुचि नजर नहीं आयी।
ग्राम प्रधानों की गैर मौजूदगी पर डीएम ने जताई नाराजी
ब्लाक परिसर में आयोजित अंत्योदय मेला का शुभारंभ करने के बाद डीएम ने ब्लाक क्षेत्र के ग्राम प्रधानों की उपस्थिति पर असंतुष्टि जताई। अनेक ग्राम प्रधान उक्त कार्यक्रम से नदारद दिखे। ब्लाक क्षेत्र के 66 ग्राम प्रधानों में से महज 20 प्रधान ही मौजूद थे, जिस पर जिलाधिकारी ने ऐतराज जताया। उन्होंने कहा कि ग्राम प्रधान सीधे अधिकारियों से मिलें और लक्षित पात्र समूह को ही योजनाओं का लाभ दिलाए। अपात्रों को योजनाओं का लाभ दिया जाना ही योजनाओं की विफलता का कारण है।
डीएम को ज्ञापन देकर मांगा किसान बीमा
महरौनी। अंत्योदय मेला के अवसर पर किसान बीमा से वंचित 63 गांव के किसान प्रतिनिधियों ने डीएम मानवेंद्र सिंह से मुलाकात कर छूटे हुए किसानों को शीघ्र किसान बीमा का लाभ दिलाने की मांग उठाई। डीएम ने इस संबंध में किसानों को शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
बार संघ महरौनी के चुनाव की तिथियां हुईं घोषित
महरौनी/ललितपुर। तहसील बार संघ महरौनी के चुनाव की तिथियां घोषित कर दी गई हैं, जिसके मुताबिक पांच अगस्त को मतदान होना तय किया गया है। एल्डर्स कमेटी के सदस्य प्रेमनारायण सोनी, सनत कुमार सिंघई, अर्जुनलाल साहू, अभिनंदन सिंघई और बलराम शरण खरे ने आज चुनावी तिथियों की घोषणा करते हुए अवगत कराया कि दिनांक 28 और 29 जुलाई को सभी पदों पर नामांकन सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक किए जाएंगे। 31 जुलाई को नामांकन पत्रो की जांच, 1 अगस्त को दोपहर 2 बजे से 4 बजे तक नामांकन वापसी और 5 अगस्त को सुबह 10 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान किया जाएगा और उसी दिन 3:30 बजे परिणाम घोषित किये जाएंगे। अध्यक्ष, वरिष्ठ उपाध्यक्ष, मंत्री, सचिव, कोषाध्यक्ष, कनिष्ठ कोषाध्यक्ष, पुस्तकालय, प्रकाशन सचिव, प्रशासनिक सचिव और कार्यकारिणी सदस्य आदि पदों पर चुनाव होंगे। सभी पदाधिकारियों का कार्यकाल एक साल का होगा।