- नेवरपेड व लौंग अनपेड उपभोक्ताओं से दो माह में वसूली 11.47 करोड़ की बकायेदारी
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बिजली बिल राहत योजना के बाद भी विभाग का उपभोक्ताओं पर अरबों रुपये बकाया चल रहा है। विभाग द्वारा योजना में दो माह में अब तक 18 हजार उपभोक्ताओं से मात्र 11.47 करोड़ रुपये की बकायेदारी ही वसूल की जा सकी है। जबकि अभी भी विभाग का 81 हजार नेवरपेड और लौंग अनपेड उपभोक्ताओं पर 281.25 करोड़ रुपये विद्युत बकाया चल रहा है।
जनपद में बिजली विभाग का उपभोक्ताओं पर करोड़ों रुपये बकाया चल रहा है। इसके तहत लंबे समय से अनपेड और नेवरपेड कुल 81,512 उपभोक्ताओं पर कुल 281.25 करोड़ रुपये की बकायेदारी चल रही है। इनमें सबसे अधिक बकायेदारी विद्युत वितरण खंड द्वितीय के अंतर्गत 49,344 उपभोक्ताओं पर कुल 184.25 करोड़ रुपये है। ऐसे उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए विभाग द्वारा प्रथम चरण में ब्याज में सौ फीसदी छूट के साथ मूलधन में भी 25 फीसदी तक छूट दी गई। इसके बाद दूसरे चरण में ब्याज में सौ फीसदी माफी के साथ मूलधन में भी 28 फीसदी छूट दी जा रही है। इसके तहत 16,273 उपभोक्ताओं ने मूलधन में भी छूट लेने के लिए एकमुश्त बकाया धनराशि जमा की। जबकि 2,013 उपभोक्ताओं ने किस्तों में बकाये का भुगतान किया। इस प्रकार 18,286 उपभोक्ताओं ने दो माह में कुल 11 करोड़ 47 लाख रुपये वसूल किया गया। इनमें 3,761 नेवरपेड उपभोक्ताओं से कुल 2.81 करोड़ रुपये वसूल किया गया है। जबकि 14,525 लंबे समय से अनपेड उपभोक्ताओं पर कुल 8.67 करोड़ रुपये वसूल किया गया है।
-
तीसरे चरण में मूलधन में मिलेगी पंद्रह फीसदी की छूट
इस संबंध में वीरभद्र सत्यार्थी, अधीक्षण अभियंता विद्युत ने बताया कि बिजली बिल राहत योजना का दूसरा चरण कल पांच फरवरी को समाप्त हो जाएगा। इसके बाद छह फरवरी से योजना का तीसरा चरण शुरू हो जाएगा। अब इस चरण में बकायेदार उपभोक्ताओं को सरचार्ज (ब्याज) में तो दोनों चरणों की तरह ही सौ फीसदी की पूरी छूट मिलेगी। जबकि इसके साथ मिलने वाली मूलधन में छूट कम होकर अब मात्र पंद्रह फीसदी की ही छूट दी जाएगी। वहीं, तीसरे चरण में बिजली चोरी के मामलों में राजस्व निर्धारण पर 40 फीसदी तक की छूट का प्रावधान है।