बैंकों में नहीं लिए जा रहे सिक्के
ललितपुर। बुधवार को कलक्ट्रेट सभागार में डीएम मानवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में जिला व्यापार बंधुु समिति/जिला उद्योग बंधु समिति की बैठक हुई। जिसमें व्यापारियों ने बैंकों द्वारा सिक्के न लिए जाने का आरोप लगाया है। बैठक में पदाधिकारियों ने औद्योगिक विकास में आ रही समस्याएं के बारे में भी बताया।
बैठक में व्यापार मंडल के पदाधिकारियों ने अपनी समस्याओं से डीएम को अवगत कराया। जिसमें फुटकर व्यापारियों के लाइसेंस जारी करने, बिजली व्यवस्था, साइकिल स्टैंड की व्यवस्था, उद्योग आस्थान चंदेरा में रोड के दोनों ओर सोलर लाइट लगाने, बैंकों में सिक्के जमा कराए जाने की मांग रखी गई। साथ ही स्टेशन रोड के दोनों ओर की पट्टी दुरुस्त करानेे, छुट्टा जानवरों/सीसीटीवी कैमरे सही कराने, ई-लाइसेंस, एक जनपद एक उत्पाद, एकनमेज एवं निवेश मित्र एवं योग व्यवस्था योजना की प्रगति, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना की प्रगति चंदेरा में नई आरा मिल लगाने और औद्योगिक इकाइयों की कानून और सुरक्षा संबंधी समस्याओं की समीक्षा की गई।
फुटकर व्यापार करने वालों के संबंध में संबंधित अधिकारी ने बताया कि पात्र व्यक्तियों को फुटकर व्यापार का लाइसेंस उनके आवेदन पर किया जाएगा। किसान मंडल अध्यक्ष ने बताया कि सब्जी मंडी में किसानों द्वारा साइकिलें रोड पर पार्क की जाती हैं, जिससे रोड पर जाम की स्थिति बन जाती है। जिस पर अध्यक्ष द्वारा संबंधित अधिकारी को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। व्यापार मंडल पदाधिकारी ने बताया कि जनपद के बैंकों में सिक्के जमा नहीं किए जा रहे हैं, जिससे भारतीय मुद्रा का अपमान हो रहा है।
इस पर अग्रणी बैंक प्रबंधक ने जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। व्यापार मंडल प्रतिनिधियों द्वारा बताया कि प्रदेश सरकार महत्वपूर्ण योजना एक जनपद एक उत्पाद के तहत जनपद ललितपुर में चंदेरी जरी सिल्क साड़ी का चयन किया गया है। इसके अंतर्गत शासन द्वारा कई योजनायें संचालित की जानी हैं। व्यापारियों ने बताया कि जिले में अनेक क्षतिग्रस्त एवं पुराने पेड़ हैं, जिनकी स्थिति से वन विभाग को बताया जा चुका है। लेकिन वन विभाग द्वारा कोई सुनवाई नहीं की जाती है। जर्जर हो चुके पेड़ गिरने से हादसा हो सकता है। इस पर जिलाधिकारी ने वन विभाग के अधिकारी को कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इस मौके पर अपर पुलिस अधीक्षक एके विजेता, अग्रणी बैंक प्रबंधक एसके श्रीवास्तव, अधिशाषी अधिकारी नगर पालिका अवनींद्र कुमार, अधिशाषी अभियंता विद्युत वितरण खंड, असिस्टेंट कमिश्नर वाणिज्य कर प्रवीण श्रोत्रिय आदि उपस्थित रहे।