सिद्दनपुरा में पानी का संकट
15 हैंडपंप खराब तो दस रीबोर की स्थिति में
टैंकर जलापूर्ति भी नाकाफी साबित हो रही
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर।
वार्ड नंबर एक सिद्दनपुरा में पाइप लाइन पेयजल आपूर्ति पहले से ही गड़बड़ाई हुई है। वहीं, रीबोर नहीं कराने के साथ खराब हैंडपंपों की भी सुध नहीं ली जा रही है। इससे पूरे वार्ड में पेयजल का संकट गहरा गया है।
वार्ड नंबर एक सिद्दनपुरा में पाइप पेयजल की आपूर्ति 10 से 15 मिनट की जा रही है। कभी रात्रि में सप्लाई शुरू कर दी जाती है तो कभी सुबह नल आते हैं। ऐसे में लोगों को अपना ध्यान नलों की ओर केंद्रित करना पड़ता है। वार्ड में करीब 15 हैंडपंप खराब पड़े हैं तो लगभग 10 हैंडपंप रिबोर की स्थिति में पहुंच गए हैं। इनमें से एक हैंडपंप बीकेबिन के पास सीसी रोड के निर्माण में धंस गया है। इसका रिबोर अन्य जगह कराया गया है, जिसमें पानी नहीं निकला है। इससे स्थानीय लोगों के लिए पीने के पानी की समस्या हो गई है। जो टैंकर से पानी की आपूर्ति हो रही है, उसमें भी भेदभाव हो रहा है। प्रभावशाली लोगों के घरों के पास हैंडपंप खड़े किए जा रहे हैं। इससे कइयों को टैंकर काफी दूर पड़ता है। कुछ लोगों ने तो पानी खरीदने की शिकायत की है। हालांकि, सभासद रामवती रजक इस तरह के आरोपों को नकार रही हैं। उनका कहना है कि वार्ड में पानी बेचने की जानकारी उन्हें नहीं हैं।
फोटो- 09
कैप्सन- अजय कुमार
चार-पांच बार कर चुके शिकायत
बी केबिन के पास करीब बीस दिन से हैंडपंप खराब पड़ा हुआ है। इसकी शिकायत सभासद ने जल संस्थान में की है। इसके अलावा मुहल्ले वाले भी चार-पांच बार हैंडपंप सुधरवाने की मांग कर चुके हैं। लेकिन, मौके पर कोई खराब हैंडपंप की मरम्मत के लिए नहीं आ रहा है।
अजय कुमार
स्थानीय युवक
फोटो- 11
कैप्सन- साबिर
टैंकर भी नहीं भेजे जा रहे समस्याग्रस्त इलाके में
जिन क्षेत्रों में वास्तविक समस्या है, वहां टैंकर नहीं भेजे जाते हैं। रविवार को एक टैंकर आया था, उसके बाद दोबारा टैंकर नहीं आया। ऐसे में पानी की परेशानी बढ़ गई हैं। यहां-वहां से पानी जुटा रहे हैं। दशरथ दरोगा के घर के पास हैंडपंप लगा है, वह भी खराब हो गया है।
साबिर
स्थानीय नागरिक
......
फोटो- 12
कैप्सन-वंशीलाल
नहीं सुधारे जा रहे खराब हैंडपंप
बी केबिन के पास लगे हैंडपंप खराब हो गए हैं। जिस दिन डीएम की अगुवाई में यहां सफाई अभियान चलाया गया था, उसी दिन ही स्थानीय पार्षद को हैंडपंप खराब होने की सूचना दे दी थी। इस दौरान उन्होंने हैंडपंप की मरम्मत कराने का भरोसा दिया था लेकिन आज तक खराब हैंडपंप नहीं सुधारे जा सके हैं।
वंशीलाल
वृद्ध
....
फोटो- 13
कैप्सन-कल्लू
हैंडपंप से निकल रहा पानी कम
स्कूल के पास लगे हैंडपंप से पानी कम निकल रहा है। दो-तीन बाल्टी पानी निकलता है, उसके बाद हैंडपंप से पानी निकलना बंद हो जाता है। घंटों बाद पानी इकट्ठा होता है तब जाकर हैंडपंप से दोबारा पानी निकलता है। इस तरह लोगों को पानी के लिए घंटों परेशान होना पड़ता है।
कल्लू
स्थानीय युवक
.......
स्थायी किया जाए समस्या का समाधान
पेयजल की समस्या का स्थायी समाधान किया जाए। यदि पानी का शुद्धिकरण करके उसकी आपूर्ति की जाए तो कुछ हद तक वार्ड वासियों को राहत मिल जाएगी।
रामवती रजक
सभासद, वार्ड नंबर एक सिद्दनपुरा