प्रदेश सरकार ने गर्मी के दौरान बुंदेलखंड में पेयजल संकट के समाधान के लिए वहां की ग्राम पंचायतों को टैंकर से जलापूर्ति की मुकम्मल व्यवस्था का निर्देश दिया है। बुंदेलखंड में पेयजल आपूर्ति के लिए पंचायतों ने अब तक 669 टैंकरों की खरीद की है।
अपर मुख्य सचिव पंचायत चंचल कुमार तिवारी ने बताया कि बुंदेलखंड की ग्राम पंचायतों को पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए टैंकर की व्यवस्था के निर्देश दिए गए थे। पंचायतें 14 वें वित्त आयोग के दिशानिर्देशों के हिसाब से टैंकर की खरीद कर सकती हैं। तिवारी ने बताया कि हमीरपुर में 15, महोबा में 86, बांदा में 175, चित्रकूट में 195, ललितपुर में 126, जालौन में 29 व झांसी में 43 टैंकरों की खरीद की जा चुकी है। उन्होंने बताया कि बुंदेलखंड के जिलाधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे खरीदे गए टैंकर को उपयोग लायक बनाए रखवाने की व्यवस्था कराएं और इसके जरिए ग्राम पंचायत स्तर पर पेयजल की उपलब्धिता सुनिश्चित कराएं।