दो लाख बच्चों को पिलाई जाएगी पोलियो रोधी खुराक
ललितपुर। पल्स पोलिया टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए हुई बैठक में बताया गया कि पल्स पोलियो अभियान दस मार्च को होगा और 207123 बच्चों को दवा पिलाने का लक्ष्य रखा है।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने बैठक की। इसमें डॉ. हुसैन खान ने बताया कि दवा पिलाने के लिए 805 बूथ बनाए गए हैं। 461 हाउस टू हाउस टीमें और 125 सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। रेलवे स्टेशन व बस स्टैंड सहित अन्य सार्वजनिक स्थलों पर 0 से 5 साल तक के बच्चों को दवा पिलाने के लिए 25 टीमें भी बनाई गई हैं। डीएम नेे कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्र के स्कूलों में पोलियो बूथ के एक दिन पहले शनिवार को पल्स पोलियो अभियान की जागरूकता के संबंध में रैली निकाली जाए। पोलियो बूथ के दिन विद्यालय खुले रखे जाएं व मिड-डे मील के साथ प्रत्येक विद्यालय में खीर बनवाई जाए। बुलउआ टोली बनाकर अधिक से अधिक पांच वर्ष तक के बच्चों को पोलियो की खुराक पिलाने में सहयोग करेंगी। अभियान का प्रचार-प्रसार कराते हुए ग्राम प्रधानों का भी सहयोग लिया जाए। मिशन इंद्रधनुष में जिले में अच्छा काम हुआ है, जिसके लिए पुरस्कृत भी किया गया है। इसी भावना से अभियान को भी सफल बनाएं। मुख्य विकास अधिकारी वीपी पांडेय, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रताप सिंह, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. एसके वासवानी, चिकित्साधीक्षक (महिला) डॉ. हरेंद्र सिंह चौहान, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. जेएस बक्शी, डॉ. भाग्यश्री व कर्मचारी उपस्थित रहे।
नौ मार्च को निकाली जाएगी रैली
ललितपुर। जिला स्तरीय पल्स पोलिया टॉस्क फोर्स की बैठक में जिले के सभी ग्रामीण व शहरी क्षेत्रों में प्राथमिक व जूनियर स्कूलों में नौ मार्च को सुबह साढ़े नौ बजे स्कूूलवार रैली निकली जाएगी। इसके लिए सभी स्कूलों के प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिए गए।