निवाई फीडर का केबल बक्सा फटा, डेढ़ सौ गांव की बिजली ठप
दैलवारा में ट्रांसफार्मर फुंका, गांव में दो दिन से अंधेरा
शहर में हाइटेंशन लाइन की डिस्क पंचर, बिजली गुल
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। बाईपास सब स्टेशन की बिजली आपूर्ति सुधरने का नाम नहीं ले रही हैं। आए दिन होने वाले फाल्टों में कभी रात भर तो कभी पूरे दिन या घंटों दर्जनों गांव की बिजली आपूर्ति ठप बनी रहती है। मंगलवार की देर रात निवाई फीडर का केबल बक्सा फटने से जहां दर्जनों गांव की बिजली आपूर्ति ठप रही। वहीं केबल बदलने के लिए अगले दिन शटडाउन लेकर सब स्टेशन से निकले सभी फीडर दिन भर बंद रहे। जबकि दैलवारा गांव में एक ट्रांसफार्मर खराब होने से दो दिन से बिजली गुल चल रही है। जबकि शहर में बारिश के दौरान हाइटेंशन लाइन की डिस्क पंक्चर होने से आधा दर्जन मुहल्लों की बिजली आपूूर्ति ठप रही।
शहरी क्षेत्र में गल्ला मंडी विद्युत सब स्टेशन और बाईपास विद्युत सब स्टेशन में स्थापित विभिन्न फीडरों के माध्यम से करीब डेढ़ सौ ग्रामीण क्षेत्रों को बिजली आपूर्ति प्रदान की जाती है। विद्युत विभाग द्वारा विद्युत ढांचा सुधारने और बेहतर बिजली उपलब्ध कराने के लिए हर वर्ष नई योजनाओं के तहत करोड़ों रुपये शासन स्तर से खर्च किए जाते हैं। बाईपास विद्युत ढांचा बदलने में भी लाखों करोड़ों रुपए खर्च किए गए। इसके बाद भी यहां की बिजली व्यवस्था में कोई खास सुधार नहीं हो सका है। जिसके चलते सब स्टेशन स्थापित फीडरों से दी जाने वाली बिजली आपूर्ति आए दिन घंटों गुल बनी रहती है। मंगलवार की रात्रि करीब दो बजे बाईपास सब स्टेशन पर स्थापित निवाई फीडर का केबल बक्सा में अचानक आग लग गई और ब्लास्ट हो गया। यह देखते ही बिजली कर्मचारियों ने तत्काल टीपीएम काटकर केबल बक्सा की आग बुझाने का प्रयास किया। बजरी आदि डालकर किसी प्रकार आग बुझाई गई। रात अधिक होने के कारण केबल बक्सा नहीं बदला जा सका। हालांकि अन्य फीडरों की बिजली रात्रि में सुचारु कर दी गई। इसके बाद अगले दिन बुधवार को सुबह 9.50 बजे उच्च क्षमता ट्रांसफार्मर से पहले हाइटेंशन 33 केवी लाइन का टीपीएम काट कर केबल बक्सा बदलने का कार्य शुरु किया। इसके चलते यहां स्थापित निवाई फीडर के साथ ही नदनवारा, रघुनाथपुरा, कल्यानपुरा, खितवांस, मसौरा फीडर के अंतर्गत आने वाले करीब डेढ़ सौ से अधिक गांव की बिजली आपूर्ति भी ठप हो गई। इसके बाद केबल बक्सा बदलने के बाद सभी फीडरों की बिजली दोपहर 2.40 बजे सुचारु की जा सकी। वहीं गल्ला मंडी सब स्टेशन में स्थापित राजघाट फीडर के अंतर्गत ग्राम दैलवारा में गत दो दिन पूर्व सोमवार की दोपहर को पंचायत भवन के पास रखे एक सौ केवीए का ट्रांसफार्मर में अचानक खराबी आ गई, जिससे पूरे गांव की बिजली आपूर्ति गुल हो गई। ग्रामीणों द्वारा शिकायत के दो दिन बाद लाइनमैन द्वारा ट्रांसफार्मर की जांच की गई, जिसमें ट्रांसफार्मर में खराबी बताई गई और ट्रांसफार्मर बदलने की बात कही। लेकिन ईद की छुट्टी के चलते विद्युत स्टोर बंद रहा, जिसके चलते बुधवार को भी ट्रांसफार्मर नहीं बदला जा सका और पूरे गांव में लगातार तीन दिन से अंधेरा पसरा हुआ है। ग्रामीणों को तीन दिन से बिजली नहीं मिलने से उमस भरी गर्मी में भारी परेशान होना पड़ रहा है। साथ ही बारिश के दिनों में जहरीले कीड़ा काटने का भय बना हुआ है। वहीं शहर के गल्ला मंडी सब स्टेशन में स्थापित फीडर नंबर तीन की बिजली हाइटेंशन लाइन की डिस्क पंक्चर होने के कारण करीब दो घंटे तक बाधित रही। हालांकि बारिश रुकने के बाद विद्युत अभियंता द्वारा डिस्क बदलकर मुहल्लों की बिजली आपूर्ति सुचारु कराई।