फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

सहकारी समितियों के चुनाव में भाजपा का रहा दबदबा

विज्ञापन
विज्ञापन
सहकारिता चुनाव में भाजपा व सपा में रहा मुकाबला
विज्ञापन

ललितपुर। सहकारिता चुनाव में भारतीय जनता पार्टी के समर्थित अधिकांश उम्मीदवारों ने जीत दर्ज कर पार्टी का दबदबा कायम रखा है। वहीं, सपा प्रत्याशियों ने कई जगहों पर सफलता पाई है। कांग्रेस एक समिति में ही अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में कामयाब हुई। वहीं, बसपा ने इस चुनाव से खुद को अलग रखा है।
मंगलवार को सहकारी समितियों पर अध्यक्ष, उपाध्यक्ष के साथ बैंक डेलीगेट चुने गए हैं। जिले की तमाम समितियों पर कांटे के चुनाव हुए तो कई समितियों पर विपक्षियों द्वारा नामांकन नहीं भरने पर उन्हें निर्विरोध चुनाव चुन लिया गया। कुल मिलाकर इन चुनावों को लेकर ग्रामीणों में गहरी दिलचस्पी देखी गई। कस्बा जाखलौन में सबसे ज्यादा रोचक मुकाबला हुआ है। यहां भारतीय जनता पार्टी की रणनीति धरी की धरी रह गई। प्रदेश स्तर के शीर्ष नेताओं की बैठकों व प्रभारियों के मनोनयन के बाद भाजपा चुनाव नहीं जीत सकी। जिससे भाजपा समर्थक मायूस दिखाई दिए। वहीं, बांसी में भाजपा समर्थित नेताओं ने चुनाव से खुद को दूर रखा। इससे सपा नेता जीत आसान हो गई।
विज्ञापन


कांटे की टक्कर में जीते नरेंद्र
जाखलौन (ललितपुर)। कस्बे की किसान सेवा सहकारी समिति के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में सपा के नरेंद्र सिंह ने कांटे की टक्कर में अध्यक्ष पद पर अपना कब्जा जमाया। उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी भाजपा की सुधा देवी को एक मत से पराजित किया है। कस्बे की सहकारी समिति के अध्यक्ष पद का चुनाव कस्बे की राजनीति का एक निर्णायक चुनाव बना हुआ था। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी और समाजवादी पार्टी की प्रतिष्ठा दांव पर लगी हुई थी। आज के चुनाव में दो प्रत्याशियों के बीच में आमने-सामने की टक्कर थी। इसमें अध्यक्ष पद के दावेदारों ने कई डायरेक्टरों से संपर्क कर मान-मनोव्वल व चुनाव जीतने के लिए हर हथकंडा अपनाया। एक मतदाता ने भाजपा खेमे में बैठकर सपा को मत दे दिया, जिससे भाजपा का खेल बिगड़ गया। आज सुबह से ही समिति के आसपास दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों का जमावड़ा जम गया था। निर्धारित समय पर अध्यक्ष पद के लिए नरेंद्र प्रताप सिंह और सुधा देवी ने तथा उपाध्यक्ष पद हेतु बृजभान सिंह और सनमान सिंह ने अपने अपने नामांकन दाखिल किए। दोपहर 3 बजे से 4 बजे तक मतदान की प्रक्रिया अपनाई गई जिसमें सभी 9 मतदाताओं ने भाग लिया। अध्यक्ष पद की मतगणना में भाजपा खेमे में 5 मतदाताओं के होने के बाद भी चार मत निकले जबकि समाजवादी पार्टी के पक्ष में पांच मत निकले। इस तरह नरेंद्र सिंह को एक मत से विजयी घोषित किया गया। उपाध्यक्ष पद हेतु बृजभान सिंह और सनमान सिंह दो प्रत्याशी थे। इनमें बृजभान सिंह को 5 मत प्राप्त हुए और उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी सनमान सिंह को एक मत से पराजित कर उपाध्यक्ष पद जीत लिया। आज के चुनाव में कई समाजवादी धुरंधर और पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सक्रिय भूमिका में दिखाई दिए। परिणाम घोषित होते ही सपा खेमे में मिठाइयां बांटी जाने लगी। वहीं, भाजपा समर्थक निराश नजर आए।
......
ऋण समिति में इमरत व सत्येंद्र बने अध्यक्ष
पीएन इंटर कालेज में शिक्षक कर्मचारी वेतनभोगी ऋण समिति के चुनाव में इमरतलाल अहिरवार सभापति व हरिशंकर तिवारी उप सभापित चुने गए। वहीं, कार्यकारिणी सदस्यों में आशीष वर्मा, तिलकराम रजक, विवेक त्रिपाठी, इंद्रमणी यादव, अरूण कुमार सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए। इस दौरान नवनिर्वाचित पदाधिकारियों ने सभी सदस्यों को आसान तरीके से ऋण उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया। इस मौके पर प्रधानाचार्य आरएस नामदेव व शैलेंद्र जैन आदि उपस्थित रहे। इसी तरह बेसिक शिक्षा परिशद वेतनभोगी ऋण समिति में सत्येंद्र जैन अध्यक्ष, उपाध्यक्ष पद सत्यप्रकाश दुबे को निर्विरोध चुना गया। वहीं, बैंक डेलीगेट के रूप में शकुंतला कुशवाहा व राजेश साध को सर्वसम्मति से नामित किया गया।

बृषभान निर्विरोध चुने गए बिल्ला के अध्यक्ष
बिल्ला (ललितपुर)। बिल्ला साधन सहकारी समिति में अध्यक्ष पद पर बृषभान सिंह लोधी के अतिरिक्त अन्य किसी ने नामांकन पत्र नहीं जमा किया। जिस पर निर्वाचन अधिकारी राजेश कुमार वर्मा ने बृषभान सिंह को निर्विरोध अध्यक्ष घोषित किया। जैसे ही बृषभान सिंह को अध्यक्ष बनाने की घोषणा हुई वैसे ही मौके पर उपस्थित समर्थकों ने उन्हें फूल मालाओं से लाद दिया। इस मौके पर राजेश कुमार वर्मा , हरिशंकर तिवारी , लाडकुवर,, मेहरबान सिंह, सीताराम, काशीराम, रामकुमारी, रामदेवी, सोमवती मौजूद रहे।

जखौरा में लहराया भगवा परचम
जखौरा (ललितपुर)। साधन सहकारी समिति जखौरा में अध्यक्ष पद पर भाजपा के गोपाल सिंह लोधी को निर्विरोध चुना गया। वहीं, उपाध्यक्ष पद पर राजेंद्र सिंह बुंदेला भी निर्विरोध निर्वाचित हुए। इस दौरान प्रबंधन समिति में हरिराम राजपूत जखौरा, बाबूलाल लोधी चितरा, जागृति जैन घिसौली, बलराम सिंह तोमर नगवास, बड़ी दुलैया बुंदेला आगर ,बच्चूलाल बुधैड़ी, नंदराम धुरवारा सदस्य चुने गए। निर्वाचित अध्यक्ष गोपाल सिंह लोधी ने कहा कि सभी किसानों का भरपूर सहयोग किया जाएगा। चुनाव में विशेष रूप से हरिराम राजपूत वरिष्ठ नेता भारतीय जनता पार्टी, मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह लोधी ,जिला मंत्री बलराम सिंह लोधी, भरतकांत विलगइयां, कृपाल सिंह, सुरेंद्र सिंह, उत्तम सिंह, नरेंद्र सिंह लोधी का सहयोग रहा।

अध्यक्ष चिमनलाल व कृपाल बने उपाध्यक्ष
बानपुर (ललितपुर)। साधन सहकारी समिति बानपुर में अध्यक्ष पद के लिए दो नामांकन पत्र खरीदे गये। इनमें एक नामांकन पत्र चिमनलाल राजपूत पुत्र भगवानदास ने खरीदा तो दूसरा पर्चा महादेव राजपूत पुत्र कोमल ने खरीदा। लेकिन निर्धारित समय सीमा के अंदर चिमनलाल ने ही अपना पर्चा दाखिल किया और उनके विरोध में कोई पर्चा नहीं भरा गया। तदोपरांत निर्वाचन अधिकारी हाकिम सिंह ने चिमनलाल राजपूत की निर्विरोध निर्वाचित होने की घोषणा की। उपाध्यक्ष पद के लिए कृपाल सिंह पुत्र रघुवीर सिंह ने उपाध्यक्ष पद के लिए पर्चा भरा और उनके विरोध में भी किसी ने पर्चा नहीं भरा। इस प्रकार उपाध्यक्ष पद पर कृपाल सिंह निर्विरोध निर्वाचित हुए। चुनाव में निर्वाचन अधिकारी हाकिम सिंह व सचिव मान सिंह चौहान, राकेश तिवारी, राजेन्द्र सिह व दीपेश का विशेष सहयोग रहा। वहीं, शान्तिपूर्ण मतदान के लिए थानाध्यक्ष बानपुर हाकिम सिंह व उपनिरीक्षक संदीप सेंगर लगे रहे।
......
दिनेश सभापति व महीप सिंह बने उपसभापति
बांसी (ललितपुर)। बांसी किसान सेवा सहकारी समिति के सभापति पद पर सपा समर्थित दिनेश नायक मुहारा एवं उप सभापति पद पर महीप सिंह यादव नदनवारा निर्विरोध निर्वाचित हुए। वहीं, स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं ने सदस्य पद के चुनाव दौरान पुलिस द्वारा भाजपा प्रत्याशी के समर्थक को वेबजह बंद करने से क्षुब्ध होकर चुनाव से किनारा कर लिया। जिससे सभापति व उप सभापति पद का चुनाव निर्विरोध हो गया। इससे पहले सोमवार को भाजपा ने बांसी से सदस्य पद के लिए सपा दबंग नेता कुल्लू दुबे समर्थित प्रत्याशी पहिलवान सिंह यादव को 42 मतों से पराजित कर महत्त्वपूर्ण जीत हासिल की थी। वहीं, आलापुर से रज्जन बाई 42 मतों से, बांसी से उमेश शर्मा 42 मतों से, लखनपुरा से अनेक सिंह 2 मतों से, मुहारा से पूर्व ग्राम प्रधान दिनेश नायक 43 मतों से विजयी हुए थे। हर्षपुर से आत्माराम एवं प्रमोद कुमार के बराबर मत आने पर पर्ची से भाग्य का फैसला हुआ था, जिसमें आत्माराम विजयी रहे थे।
.......
आशुतोष बने सभापति
बार/ ललितपुर। बार साधन सहकारी समिति के सभापति एवं उपसभापति का चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ। जिसमें सभापति पद पर आशुतोष गोस्वामी एवं उपसभापति पद पर भूपेशंद्र सिंह बुंदेला ने अपना नामांकन किया। इस दौरान तय समयाविध में कोई दूसरा नामांकन नहीं भरा गया। जिस पर आशुतोष गोस्वामी को सभापति एवं भूपेंद्र सिंह बुंदेला को उपसभापति निर्विरोध चुन लिया गया। बार साधन सहकारी समिति में कुल 9 सदस्य डायरेक्टर चुने गए थे, जिनमें भूपेंद्र सिंह बुंदेला, रामकुमार रिछारिया, श्यामा, रमेश, बसंत कुमार, आशुतोष गोस्वामी, हरावल, भैयन लोधी, धनुष राजा, रमन कुमार शामिल थे। निर्वाचन अधिकारी अर्जुन लाल जेई सिंचाई विभाग व प्रबंध निदेशक महेंद्र सिंह बुंदेला ने सभापति पद पर आशुतोष गोस्वामी धमना को और उप सभापति पद पर भूपेन्द्र सिंह गेंदौरा घोषित किया। इस अवसर पर भगवत सिंह भावनी, पुष्पेंद्र सिंह राजपूत, राम मनोहर गुप्ता, अरुण बसैया, प्रमोद पांडे, बृजेश झारिया, अरविंद गोसस्त्रत्त्वाणमी, भगवत पुरोहित, चाली राजा आदि लोग उपस्थि त थे। वहीं, थाना अध्यक्ष रामसहाय पटेल ने शांति व्यवस्था हेतु पुलिस व्यवस्था चाक चौबंद रही।
......
जशोदाबाई बनीं अध्यक्ष
गुढ़ा/ललितपुर। सहकारी समिति लिमिटेड गुढ़ा में अध्यक्ष पद के लिए भाजपा सदस्य जशोदा बाई पत्नि वीरसिंह राजपूत निवासी क्योलारी को निर्विरोध चुना गया एवं उपाध्यक्ष पद हेतु हाकिम सिंह बम्हौरी बहादुर सिंह को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। इससे पहले डायरेक्टर उर्मिला द्विवेदी, हाकिम सिंह बुन्देला, शत्रुधनसिंह बुन्देला तथा रामेश्वर प्रसाद वैद्य चुने गए थे। वहीं, कल्यानपुरा सहकारी समिति के चुनाव में विश्वनाथ प्रताप उर्फ डीपी अध्यक्ष चुने गए।
......
रीता सभापति व कृष्ण कुमार बने उपाध्यक्ष
किसान सेवा सहकारी समिति में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता व जिला सह संयोजक सहकारिता प्रकोष्ठ हरिओम निरंजन की धर्मपत्नि रीता उर्फ हेमा निरंजन निर्विरोध अध्यक्ष व कृष्ण कुमार दावनी उपाध्यक्ष निर्विरोध निर्वाचित हुये। इससे पहले कृष्णकुमार दावनी, जसवन्त पटौरा खुर्द, जितेन्द्र रिछारिया, पंकज, राजेश पटेल मसौरा खुर्द, रामसखी पटेल जामुनधाना खुर्द, रीता उर्फ हेमा निरंजन, विमला बम्होरी नांगल, विवेक श्रीवास्तव पनारी डायरेक्टर चुने गए थे।
......
साजिद अध्यक्ष, कमलेशराजे बनी निर्विरोध उपाध्यक्ष
मड़ावरा(ललितपुर)। मड़ावरा में प्रतिष्ठापूर्ण सहकारी समिति अध्यक्ष का चुनाव नाटकीय अंदाज में निर्विरोध सम्पन्न हुआ। मड़ावरा में बीजपी समर्थित प्रत्याशी को प्रस्तावक-समर्थक नहीं मिल पाने से वह अपना नामांकन पत्र दाखिल नहीं कर सके। यहां अध्यक्ष पद के लिए मात्र एक नामांकन दाखिल होने पर साजिद अली को निर्विरोध अध्यक्ष निर्वाचित घोषित किया गया। इससे पहले मड़ावरा सहकारी समिति में कलमेश राजे हंसरी, धनसिंह गोराकला, राजकुंवर रनगांव, रामवती रनगांव, सुखसिंह पिसनारी, बाबू रजक मड़ावरा, चरन सिंह सीरोन समेत ऊदल सिंह तिसगना सदस्य निर्वाचित हुए थे। गिदवाहा सहकारी समिति से रज्जन राजा छितरापुर, सौंरई समिति से हरीसिंह यादव बारई अध्यक्ष चुने गए हैं।
......
भगवानदास बने सभापति
कुसमाड़। तहसील महरौनी अन्तर्गत ग्राम पंचायत गौना साधन सरकारी समिति के अध्यक्ष पद पर भगवानदास निर्विरोध चुन लिए गए। वहीं, सोमवार को डायरेक्टर पद पर गुलाब सिंह कुसमाड, रामअवतार चढरा, गुलाव टीकरा, दरयाव चोमऊ, श्रीमति कुसुमरानी मनिकपुर, रम्मू लुहर्रा चुने गए थे। इस मौके पर भगवानदास गौना को फूल मालाओं से ला दिया गया। इस मौके पर वीरेंद्र सिंह, राघवेंद्र सिंह, सूर्यप्रताप, अजयप्रताप प्रधान, भगवत सिंह, शोभाराम, सतीश, शैलेन्द्र सिंह, राजाजी, राजा धनंजय उपस्थित रहे।
विज्ञापन



28 समितियों पर किया कब्जा
जिले की अट्ठाइस सहकारी समितियों पर पार्टी के कार्यकर्ताओं ने जीत दर्ज की है। इस चुनाव में भाजपा ने काफी मेहनत की है।
रमेश कुमार सिंह
जिलाध्यक्ष, भाजपा

कई समितियों में जीते सपाई
समाजवादी पार्टी के नेताओं ने सभापति व उप सभापति का चुनाव जीता है। इसकी वास्तविक ब्योरा जुटाया जा रहा है।
ज्योति सिंह
जिलाध्यक्ष, सपा
......
देवरान समिति जीती
कांग्रेस ने देवरान सहकारी समिति पर कब्जा जमाया है। कई और समितियों से भी बेहतर प्रदर्शन की जानकारी मिल रही है।
दुर्गा प्रसाद कुशवाहा
जिलाध्यक्ष कांग्रेस
.......
प्रदेश नेतृत्व से नहीं मिले निर्देश
प्रदेश नेेतृत्व से सहकारी समिति के चुनाव में भागीदारी करने के निर्देश प्राप्त नहीं हुए हैं। जिससे पार्टी संगठन को मजबूत बनाने पर ध्यान दिया जा रहा है।
कैलाश नारायण कुशवाहा
जिलाध्यक्ष, बसपा
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें