ललितपुर। जनपद में जहां रोजाना तीन सौ से अधिक लोग कोरोना संक्रमित पाए जा रहे हैं, वहीं अब चालीस फीसदी से अधिक लोग रोजाना ठीक भी हो रहे हैं। बीते चार दिनों में 592 कोरोना से ग्रस्त मरीजों ने कोरोना से जंग जीती है। इनमें सबसे अधिक होम आइसोलेशन वाले मरीज ठीक हो रहे हैं।
जिले में रोजाना 1400 से 1700 लोगों की रोजाना कोरोना की जांच हो रही है। इनमें 21 अप्रैल को 1771 लोगों की जांच में कुल 348 मरीज कोरोना संक्रमित निकले थे, जिनमें 150 मरीज ठीक होकर डिस्चार्ज किए गए थे। इनमें सबसे अधिक मरीज होमआइसोलेशन वाले 148 मरीज ठीक हुए, जबकि एल-2 से दो मरीज ठीक हुए। इसी प्रकार 22 अप्रैल को 396 नए संक्रमित मिले थे, जबकि 114 मरीज ठीक होने पर डिस्चार्ज किए गए थे। इनमें भी होम आइसोलेशन पूर्ण करने वाले 112 मरीज, जबकि एल-2 से दो मरीज ठीक होने पर डिस्चार्ज किए गए थे। वहीं, बीते रोज 23 अप्रैल को भी 24 घंटे में 392 नए कोरोना संक्रमित निकले, जबकि 163 मरीज ठीक होने पर डिस्चार्ज किए गए। इनमें भी सबसे अधिक होमआइसोलशन वाले मरीज ही रहे। इनमें होमआइसोलेशन पूरा होने पर ठीक कुए 117 एवं एल-2 से 32 मरीजों के ठीक होने पर उन्हें डिस्चार्ज किया गया। वहीं, अब शनिवार यानि 24 अप्रैल को भी 165 कोरोना मरीजों के ठीक होने पर उन्हें डिस्चार्ज किया गया, जिनमें होमआइसोलेशन वाले 153, एल-2 से दो एवं दस अन्य ठीक होने वाले मरीज शामिल हैं। इस प्रकार इन चार दिनों में अब तक कुल 592 कोरोना मरीजों ने कोरोना से जंग जीत ली है और अब वह स्वस्थ होकर अपने परिवार के बीच खुशी-खुशी पहुंच गए हैं।