प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलाए
ललितपुर। अतिवृष्टि से नष्ट हुई खरीफ की फसल के बीमा की धनराशि की मांग को लेकर विकासखंड बिरधा अंतर्गत ग्राम करमरा के किसानों ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई करने की मांग की है। शनिवार को ज्ञापन देकर किसानों ने बताया कि उनके पास आय का कोई अन्य साधन नहीं है। अतिवृष्टि से खरीफ की फसल नष्ट हो गई थी, जिसका सर्वे राजस्व विभाग के कर्मचारियों व कृषि विभाग के अधिकारियों द्वारा गांव-गांव में कराया गया। इसी सर्वे के आधार पर आसपास के लगभग सभी गांवों में प्रधानमंत्री फसल बीमा का लाभ मिल रहा है, लेकिन करमरा गांव के किसानों को फसल बीमा के लाभ से वंचित रखा गया है। ग्रामीणों ने सर्वे करने वालों पर आरोप लगाते हुए कहा कि अधिकारियों ने गलत रिपोर्ट लगाई है, जबकि गांव में अतिवृष्टि के कारण 90 प्रतिशत फसलों को नुकसान हुआ है। गांव के किसानों की किसान क्रेडिट कार्डों से बीमा की धनराशि काटी गई है। किसानों ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ दिलवाने की मांग की है।
ज्ञापन पर मुकेश, शशिकांत, मनोज कुमार, छत्रपाल सिंह, देशराज दाऊ, गजेंद्र सिंह, माखन, बच्चूलाल, बाबूराजा, पप्पू सिंह, रामरतन, जयराम सिंह, परम, आकाश, रामसिंह, सज्जन सिंह, नंदकिशोर, गोविंद सिंह, राजेंद्र सिंह, सोवरन, कैलाश, राजपाल सिंह, भगवत, मोहन सिंह, दुरजू आदि के हस्ताक्षर हैं।