मोदी को फिर से पीएम बनाने का लिया संकल्प
ललितपुर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा विजय संकल्प बाइक रैली निकाली गई। रैली नेहरू महाविद्यालय से प्रारंभ होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए तुवन मंदिर प्रांगण में हुई। इस दौरान भारत माता की जय के नारों से शहर की गलियां गुंजायमान हो उठी।
रैली का शुभारंभ सदर विधायक रामरतन कुशवाहा, जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह लोधी, सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौबे ने हरी झंडी दिखा कर किया। बाइक रैली नेहरू महाविद्यालय, चौकाबाग, नदीपुरा से होते हुए चौबयाना, महावीरपुरा, तलैयापुरा से घंटाघर से तालाबपुरा, वर्णी कालेज होते हुए तुवन मंदिर प्रांगण पर समाप्त हुई। इस दौरान पदाधिकारी व कार्यकर्ता हाथों में पार्टी के झंडे लेकर चल रहे थे। वहीं, बाइकों पर स्टीकर भी लगाए गए थे। बाइकों पर सवार कार्यकर्ता व पदाधिकारी वंदेमातरम, भारतीय जनता पार्टी जिंदाबाद के नारे लगा रहे थे। कार्यकर्ताओं ने वर्ष 2019 के चुनाव में मोदी को दुबारा प्रधानमंत्री बनाने का संकल्प लिया। बाइक रैली के समापन पर सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में देश प्रगति पथ पर है, जितनी भी योजनाएं चलाई जा रही हैं, उनका लाभ जनता तक पहुंच रहा है। भाजपा जिलाध्यक्ष जगदीश सिंह लोधी ने कहा कि आज कि विजय संकल्प बाइक रैली से जनमानस में भाजपा के प्रति जो सम्मान का भाव है, उसे आज पूरा देश देख रहा है। इसका लाभ 2019 लोकसभा चुनाव में मिलेगा। विजय संकल्प रैली बाइक रैली जिला प्रभारी रत्नेश तिवारी ने कहा कि जनपद की दोनों विधानसभाओं में विजय संकल्प बाइक रैली कार्यकर्ताओं के अथक प्रयासों से निकाली गई है। उन्होंने जिला स्तर से लेकर बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं का आभार प्रकट किया। रैली में मंडल अध्यक्ष धर्मेश द्विवेदी, राजेश लिटोरिया, श्यामबिहारी कौशिक, राम मनोहर बरसैया, धर्मेश लोधी, आशीष रावत, हरिश्चंद्र रावत, गुड्डू अग्निहोत्री, प्रदीप चौबे, बब्बू राजा, राजकुमार जैन, वंशी बाबू, सुरेश कौते, भगवत सिंधी, श्रीकांत कुशवाहा, रूपेश साहू, ध्रुव राजा, डॉ. दीपक चौबे, अरस्तू उपाध्याय उपस्थित रहे। संचालन जिला महामंत्री बब्बू राजा ने किया।