श्रम योगी मान-धान योजना के क्रियान्वयन पर हुई चर्चा
ललितपुर। कलक्ट्रेट सभागार में अपर जिलाधिकारी ने बैठक में प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना के सफल क्रियान्वयन के लिए दिशा-निर्देश दिए। इस दौरान बताया कि श्रमिक अपना आधार कार्ड, बैंक खाता और मासिक आय 15,000 रुपये से अधिक नहीं होने पर अपना पंजीयन करा सकते हैं।
अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने एलआईसी शाखा प्रबंधक मो. आसिफ सिद्दीकी को निर्देशित किया गया कि वह अधिक से अधिक पंफलेट का वितरण कराकर कैंपों का आयोजन कराए, जिससे योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार हो सके। श्रम प्रवर्तन अधिकारी को निर्देशित किया गया कि ब्लाक स्तर पर बैठक का आयोजन किया जाये और साथ ही साथ बैठक में उपस्थित नगर पालिका परिषद के अधिशाषी अधिकारी मधुसूदन जायसवाल को निर्देशित किया गया कि वह पार्षदों से सम्पर्क कर अधिक से अधिक लोगों का पंजीयन प्रधानमंत्री श्रम योगी मान-धन योजना के अंतर्गत कराए। बैठक में उपस्थित लीड बैंक मैनेजर एसके श्रीवास्तव द्वारा बताया गया कि बैंक खाते से संबंधित कोई भी समस्या बैंकों द्वारा तुरंत दूर की जाएगी। श्रम प्रवर्तन अधिकारी एसपी गौतम द्वारा बताया गया कि इस योजना में असंगठित क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों, ईट भट्ठों में कार्यरत श्रमिकों, बोझा ढोने वाले श्रमिकों, भूमिहीन श्रमिकों, हथकरघा श्रमिकों, चमड़ा श्रमिकों मोची आदि 45 प्रकार के नियोजनों में कार्यरत श्रमिकों को पंजीकृत कराकर 18 वर्ष से 40 वर्ष तक की आयु के श्रमिक सीएससी केंद्र के माध्यम से अपना पंजीयन करा सकते हैं। श्रमिकों का मासिक अंशदान 55 से लेकर 200 रुपये तक निर्धारित है, जिसमें इतना ही अंशदान केन्द्र सरकार द्वारा दिया जाएगा। इसके उपरांत 60 वर्ष की आयु पूर्ण होने पर न्यूनतम रुपये 3000 प्रतिमाह पेंशन की सुविधा दिए जाने का प्राविधान है। बैठक में संतोष कुमार सविता उपकृषि निदेशक, पुष्पेंद्र कुमार वर्मा मंडी सचिव ललितपुर, द्वारिका प्रसाद जिला ग्रामोद्योग अधिकारी, एमके सूर्यवंशी असिस्टेंट कमिश्नर, सुरेश बड़ेरा जिलाध्यक्ष उद्योग व्यापार मंडल, सुमित समैया, प्रदीप जैन सतरवांस, शैलेन्द्र सिंघई, दीपक श्रीवास्तव एवं अरुण कुमार दीक्षित उपस्थित रहे।