केंद्रीय पेयजल और स्वच्छता मंत्री उमा भारती ने कहा कि गत दिवस झांसी में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुंदेलखंड को लगभग 9 हजार करोड़ रुपये की पाइप पेयजल योजना की सौगात दी। इन योजनाओं से गांव-गांव व घर-घर पानी पहुंचाया जाएगा। इसमें ग्राम पारौल भी लाभान्वित होगा। उन्होंने यह बात जनचौपाल को संबोधित करते हुए कही।
उन्होंने कहा कि पुलवामा में हुए आतंकी हमले से पूरा देश क्रोध में है। इस मामले में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी उचित कार्रवाई करेंगे। उन्होंने अपने गोद लिए गांव में चौपाल लगाकर ग्रामवासियों की समस्याएं सुनी, साथ ही विकास कार्यों की जिले केअधिकारियों के साथ समीक्षा की। उन्होंने शुक्रवार को जंगल में भालू के हमले में चरवाहे की मृत्यु पर संवेदना व्यक्त करते हुए जिला वनाधिकारी को भालू पकड़ कर आगरा भेजने के निर्देश दिए। वहीं, मुख्य विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्राम पारौल में आयुष्मान योजना व मुद्रा योजना का लाभ दिलाने के लिए कैंप का आयोजन कर ग्रामीणों को लाभान्वित किया जाए। डीएम मानवेंद्र सिंह ने बताया कि ग्राम में विद्युतीकरण के अंतर्गत 10 ट्रांसफार्मर स्थापित हैं, जो सुचारु रूप से काम कर रहे हैं। गांव में 566 शौचालयों में कई निर्माणाधीन हैं। गांव में 73 में से 53 प्रधानमंत्री आवासों पर कार्य चल रहा है। बताया गया कि शेष अधूरे आवास 15 मार्च तक पूर्ण कर लिए जाएंगे। क्षेत्रीय विधायक व श्रम और सेवायोजन राज्यमंत्री मनोहर लाल पंथ ने बताया कि बरखेड़ा नदी पर पुल के निर्माण के लिए लोक निर्माण विभाग द्वारा 9 करोड़ 40 लाख रुपये का इस्टीमेट तैयार कर शासन को भेजा गया है। शिशु मंदिर के लिए विधायक निधि से 10 लाख रुपये अनुदान देने की घोषणा की गई है। इस मौके पर पुलिस अधीक्षक एमएम वेग, मुख्य विकास वीके पांडेय, डीएफओ, उपजिलाधिकारी, डीपीआरओ, तहसीलदार नरेंद्र कुमार, खंड विकास अधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी, वन क्षेत्राधिकारी आरके शाही, थाना प्रभारी नाराहट राजेश कुमार प्रदीप चौबे, भाजपा जिलाध्यक्ष जगदीश लोधी, प्रमोद बडौनिया, सोनू चौबे, प्रभु गंधर्ब, विक्रम बजाज, ग्राम प्रधान चंदन सिंह, हरनारायण शर्मा आदि उपस्थित रहे। संचालन शुभम सोनी ने किया। अंत में आभार मंडल उपाध्यक्ष दीपेन्द्र सिंह ने किया।
लापरवाही के मामले में सचिव पर गिरी गाज
डीएम मानवेंद्र सिंह ने आवास एवं शौचालय निर्माण में गड़बड़ी शिकायत मिलने पर ग्राम पंचायत अधिकारी उमाशंकर सिंह को निलंबित करने के आदेश दिए। ग्राम में लाभार्थी राजा भैया एवं कूरे कुशवाहा ने इसकी शिकायत की थी।
ग्रामीणों ने सुनाई अपनी समस्याएं
बरखेड़ा गांव में जामनी नदी पर पुल का निर्माण कराए जाए। पुल नहीं होने की दशा में राहगीरों को काफी लंबी दूरी का सामना करना पड़ता है। तपोभूमि पांडव धाम को पर्यटन स्थल घोषित करने की मांग की है। वर्ष 2012 -13 में तत्कालीन जिलाधिकारी ने पर्यटन क्षेत्र घोषित किया था लेकिन अभी तक अमल नहीं हुआ। गांव में एक इंटर कॉलेज खोलने, साधन सहकरी समिति मड़ावरा का यही पर संचालन करने, विद्युत आपूर्ति नहीं होने के बाद भी लाखों रुपये के बिल आने, उप स्वास्थ्य केंद्र के कुछ कर्मी नदारद रहने की शिकायत की गई।
राजनीति से नहीं लूंगी सन्यास
गोद लिए ग्राम पारौल में केंद्रीय मंत्री उमा भारती ने पत्रकारों के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि मैं कभी राजनीति से सन्यास नहीं लूंगी। राजनीति के माध्यम से देश सेवा जीवनपर्यंत करती रहेंगे। बुंदेलखंड राज्य पर उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड राज्य निर्माण मोर्चा इस पर कार्य कर रहा है।