सरकारी अध्यापक कर कोचिंग संचालित करने का आरोप
ललितपुर। भारतीय राष्ट्रीय छात्र संगठन ने डीएम को ज्ञापन सौंपकर राजकीय इंटर कॉलेज में तैनात प्रवक्ता पर कोचिंग संचालित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने डीएम से इस मामले में कार्रवाई करने की मांग की है।
एनएसयूआई ने ज्ञापन में बताया कि उक्त प्रवक्ता द्वारा अपने घर लगभग एक हजार बच्चों को प्राइवेट कोचिंग दे रहे हैं और बच्चों से फीस भी वसूल रहे हैं। आरोप है कि विद्यालय का जो छात्र उनके घर कोचिंग पढ़ने के लिए नहीं जाता है उन छात्रों को प्रयोगात्मक परीक्षा व गृह परीक्षा में फेल करने की धमकी दी जाती है। इससे बच्चों का मानसिक और अभिभावकों का आर्थिक शोषण हो रहा है। वहीं, संगठन का आरोप है कि गत दिवस प्रशासनिक टीम ने उक्त प्रवक्ता को घर में कोचिंग पढ़ाते हुए रंगे हाथों पकड़ा था, लेकिन मामले को रफादफा कर दिया गया है। यही कारण है कि अभी तक प्रशासन द्वारा उक्त प्रवक्ता के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि इससे पूर्व में इस प्रकरण की शिकायत की गई है और कार्रवाई की मांग भी की गई है, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। संगठन ने डीएम से इस मामले में सख्ती से जांच कराने और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। अन्यथा की स्थिति में संगठन ने आंदोलन की भी चेतावनी दी है। इस दौरान संगठन जिलाध्यक्ष रितिक शुक्ला, अंकित यादव, शुुभय शुक्ला, विपिन पाठक, रुपम झा, रवि विश्वकर्मा, रोहित, सुमित मिश्रा, पीयूष श्रीवास्तव, अंशु यादव उपस्थित रहे।