ललितपुर। डेंगू और संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे जांच अभियान में मलेरिया टीम को 49 एडीज लार्वा मिले हैं। जिस पर टीम ने मौके पर ही लार्वा रोधी दवा का छिड़काव कर नष्ट कर दिया। इसके बाद लोगों को बचाव के लिए जागरूक भी किया।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत शहर के दो मोहल्ला समेत छह ब्लॉक स्तर पर डेंगू और चिकिनगुनियां की रोकथाम के लिए अभियान चलाया जा रहा है। जिसमें लगातार कूलर और कंटेनरों में एडीज मच्छर के लार्वा पाए जा रहे हैं, अब तक केवल एक ही डेंगू मरीज मिला है।
शुक्रवार को जिला मलेरिया अधिकारी मनोज कुमार व सहायक जिला मलेरिया अधिकारी के निर्देशन में मलेरिया निरीक्षक अजब सिंह, हरिशचंद्र नामदेव, ज्ञानेंद्र गौतम ने शहर के मोहल्ला व ब्लॉक स्तर पर गांव में जांच गई। जिसमें शहर के मोहल्ला जुगपुरा वार्ड नंबर आठ में चार एडीज लार्वा मिले। वहीं, ग्रामीण क्षेत्र में ब्लॉक महरौनी में एक, बार में 11, तालबेहट में तीन और जखौरा में जांच के दौरान कूलर और कंटेनर में 30 एडीज लार्वा पाए गए। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लार्वा रोधी दवा का छिड़काव कर मौके पर ही नष्ट कर दिया। टीम ने लोगों को संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए जागरूक कर बताया कि सप्ताह में एक बार कूलरों और कंटेनरों की सफाई करते रहे। बर्तनों को सूखने के बाद भी दोबारा पानी भरें। इसके अलावा मड़ावरा और बिरधा में लार्वा नहीं पाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. प्रताप सिंह ने कार्यालयों में रखे कूलरों की नियमित सफाई करने और बीमारियों से बचाव के लिए शरीर को पूरी तरह से ढके रहने वाले कपड़े पहनने के लिए जागरूक किया।