वाहनों पर स्टाइलिस नंबर डालने वाली 25 दुकानों को दिया नोटिस
ललितपुर। यातायात पुलिस ने शहर में स्टाइलिस नंबर प्लेट बनाने वाले 25 दुकानदारों को नोटिस देकर मानक के अनुसार नंबर डालने की चेतावनी दी। पुलिस अधीक्षक एमएम बेग के निर्देश पर वाहनों के माध्यम से अपराधों पर नियंत्रण के लिए चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है, लेकिन आए दिन स्टाइलिस नंबर वाली नंबर प्लेट लगाकर अपराधी पुलिस को चकमा देने में सफल हो जाते हैं, जो पुलिस के लिए बड़ी चुनौती साबित हो रहा है।
लेकिन, अब ऐसे स्टाइलिस नंबर की प्लेटें लगाकर वाहन चलाना आसान नहीं होगा, इसके लिए पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर यातायात ऐसे वाहनों और स्टाइलिस नंबर प्लेट लिखने वाले दुकानदारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। यातायात पुलिस ने शुक्रवार को शहर में करीब 25 दुकानदारों को नोटिस जारी किया है, ताकि आगे से अब वह वाहनों की नंबर प्लेटों पर स्टाइलिस नंबर न लिखें और यदि ऐसा होना पाया जाता है तो उनके खिलाफ कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। यातायात प्रभारी निरीक्षक आशुतोष मिश्रा ने शुक्रवार को नंबर प्लेट लिखने वाली दुकानों पर पहुंचकर नोटिस देते हुए उन्हें परिवहन विभाग का वाहनों के नंबर प्लेट पर नंबर लिखने के मानक का शासनादेश भी थमाया और उसी शासनादेश के अनुसार सादा नंबर लिखने के लिए चेतावनी दी। इस मौके पर यातायात विभाग के नरेंद्र सिंह और दीपक दुबे भी मौजूद रहे।