विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना में कारीगरों को दिया प्रशिक्षण
ललितपुर। जिला उद्योग और उद्यम प्रोत्साहन केंद्र द्वारा उद्यमिता विकास प्रशिक्षण संस्थान लखनऊ के माध्यम से लोहार, सुनार, मोची एवं हलवाई ट्रेड के 25-25 पारंपरिक कारीगरों को विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना के अंतर्गत प्रशिक्षण प्रदान किया गया। प्रशिक्षण के बाद उन्हें टूलकिट एवं प्रशिक्षण प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। अधिकारियों ने प्रशिक्षणार्थियों को टूल किट एवं प्रशिक्षण प्रमाण पत्र देते हुए आशा जताई कि प्रशिक्षणार्थी विलुप्त हो रही पारंपरिक कारीगरी को बचाने के लिए अपना कार्य पूर्ण लगन एवं मेहनत से करें। अध्यक्षता जिला विकास अधिकारी ने की। कार्यक्रम में सांसद प्रतिनिधि प्रदीप चौबे, श्रम एवं सेवायोजन राज्य मंत्री प्रतिनिधि चंद्रशेखर पंथ, विधायक प्रतिनिधि श्रीकांत कुशवाहा, लघु उद्योग संघ के अध्यक्ष सेवाराम चौधरी उद्योग व्यापार मंडल के अध्यक्ष सुरेश बड़ेरा उपस्थित रहे। सहायक आयुक्त उद्योग एसके सूर्यवंशी ने संचालन और उपायुक्त उद्योग बांकेलाल ने आभार व्यक्त किया।