ललितपुर। बेसिक शिक्षा विभाग ने फर्जी शिक्षकों पर विभागीय शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। उर्दू, शिक्षकों के बाद अब दिव्यांग शिक्षकों की भी दिव्यांगता को कसौटी पर कसने की तैयारी है। जिसके चलते बीएसए ने चिकित्सकीय बोर्ड के समक्ष दिव्यांग शिक्षकों को उपस्थित होने के लिए 12 और 14 अक्तूबर की तिथि तय की है।
बेसिक शिक्षा विभाग में शिक्षक भर्ती में फर्जीवाडे होने की शिकायतें लंबे समय से की जा रही हैं। इसके मद्देनजर अपर जिलाधिकारी की अध्यक्षता में जनपद स्तर पर जांच कमेटी गठित की गई है। बीते दिनों उर्दू शिक्षक भर्ती के मामले में 14 शिक्षक साक्ष्य सहित जांच कमेटी के समक्ष प्रस्तुत हुए थे। इसके बाद 41 दिव्यांग शिक्षकों की दिव्यांगता जांचने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। बीएसए रामप्रवेश ने दिव्यांग शिक्षकों की दिव्यांगता जांचने के लिए पैनल गठित करने के संबंध में सीएमओ को पत्र लिखा है। जिस पर उन्होंने 12 व 14 अक्तूबर की तिथि तय की है।
सबसे ज्यादा है अस्थि दिव्यांग
बीएसए के अनुसार, 41 शिक्षकों में सबसे ज्यादा अस्थि से संबंधित दिव्यांग हैं। कुछ शिक्षक ऐसे हैं, जिनमें कान या अन्य में दिव्यांगता है।
शिक्षकों की दिव्यांगता का परीक्षण कराया जा रहा है। इस संबंध में 12 और 14 अक्तूबर तय की गई। निर्धारित तिथि पर संबंधित शिक्षकों को सीएमओ कार्यालय में चिकित्सकीय बोर्ड के समक्ष उपस्थित होना होगा। - राम प्रवेश, बीएसए