ललितपुर। जनपद में प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना के तहत पंजीकृत 10,517 महिलाओं में से अब तक 6,422 को ही योजना का लाभ मिल सका है। शेष 4,095 महिलाएं प्रोत्साहन राशि पाने से वंचित हैं। भुगतान नहीं होने से महिलाओं को आंगनबाड़ी केंद्रों और बैंकों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। विभागीय अधिकारियों का कहना है कि 270 दिन से अधिक पुराने मामलों में भुगतान नहीं हो पा रहा है।
शासन की ओर से गर्भवती महिलाओं और नवजात के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना चलाई जा रही है। इसके तहत पहली बार मां बनने वाली महिला को दो किस्तों में पांच हजार रुपये दिए जाते हैं। गर्भावस्था में पंजीकरण कराने पर पहली किस्त के रूप में तीन हजार रुपये मिलते हैं। वहीं, प्रसव के बाद नवजात को पहला टीका लगने पर दूसरी किस्त के दो हजार रुपये दिए जाते हैं। यह राशि सीधे महिला के बैंक खाते में भेजी जाती है।
ये मिलता है लाभ
पहली बार मां बनने वाली महिलाओं को योजना के तहत पांच हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि दी जाती है। वहीं, दूसरे प्रसव में बालिका का जन्म होने पर छह हजार रुपये दिए जाते हैं। इसके लिए प्रसव के बाद संबंधित कार्ड लेकर आंगनबाड़ी केंद्र पर पंजीकरण कराना होता है। इसके बाद योजना की राशि दी जाती है।
आवेदन के लिए ये जरूरी
महिलाओं को गर्भधारण होने पर आशा या एएनएम से मां और शिशु सुरक्षा कार्ड बनवाना होता है। इसके बाद नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्र पर जाकर आधार कार्ड और एमसीपी कार्ड देना होता है। इसके आधार पर ऑनलाइन आवेदन किया जाता है। आवेदन के बाद पात्र महिला को योजना की राशि का भुगतान किया जाता है।
वर्तमान में पंजीकरण के बाद महिलाओं को लगातार योजना की राशि दी जा रही है। हालांकि, 270 दिन से अधिक पुराने मामलों में भुगतान नहीं हो पा रहा है।
नीरज कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी