मऊमाफी में लहन को नष्ट करती कोतवाली पुलिस
- फोटो : LALITPUR
ललितपुर। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रविवार को अवैध शराब के गढ़ मऊमाफी में कबूतरा डेरा पर कोतवाली पुलिस व आबकारी विभाग की टीम द्वारा दबिश दी गई, जिसमें चार सौ लीटर अवैध शराब जब्त करते हुए 10 हजार लीटर लहन नष्ट किया गया। कोतवाली पुलिस की टीम को देखकर अवैध शराब बना रहे कारोबारी धधक रहीं भट्ठियां छोड़कर भाग गए, जबकि तीन महिलाएं गिरफ्तार की गईं।
पुलिस अधीक्षक प्रमोद कुमार के निर्देश पर रविवार को सीओ सिटी केशवनाथ के नेतृत्व में कोतवाली पुलिस व आबकारी विभाग की टीम ने संयुक्त रूप से भारी पुलिस बल के साथ अवैध शराब के गढ़ मऊमाफी में छापामार कार्रवाई की। कोतवाली पुलिस की एक साथ कई गाड़ियां पहुंचने पर अवैध शराब बना रहे लोगों में भगदड़ मच गई। यहां कई शराब के लिए कई धधक रहीं भट्ठियाें पर लहन उबल रहा था। पुलिस बल ने अधिकारियों के निर्देश पर मौके पर धधक रहीं भट्ठियाें को नष्ट कर दिया और टंकियों में भरे हुए दस हजार लीटर लहन को जमीन पर उड़ेलकर नष्ट कर दिया। वहीं टीमों ने मौके से चार सौ लीटर अवैध शराब बरामद भी की। कोतवाली पुलिस व आबकारी टीम ने मौके से भाग रही तीन महिलाओं को भी पकड़ लिया। जबकि अन्य भाग निकले। क्षेत्राधिकारी सदर केशव नाथ ने बताया कि अवैध शराब के खिलाफ अभियान में मऊमाफी में छापामारी की गई है, जिसमें नायब तहसीलदार व आबकारी टीम मौजूद रही। मौके पर चार सौ लीटर अवैध शराब बरामद करते हुए तीन आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है।