ललितपुर। पंचायत चुनाव के बाद कोरोना संक्रमण का खतरा और अधिक बढ़ गया है। लगातार मरीजों की संख्या में इजाफा हो रहा है। बृहस्पतिवार को 1495 नमूनों की हुई जांच में कुल 396 नए कोरोना संक्रमित मरीज पाए गए हैं। दो लोगों की मौत की पुष्टि की गई है। सरकारी आंकड़ों में अब तक मरने वालों की संख्या 57 हो चुकी है। वहीं, रिकवरी रेट भी घटकर 63.50 हो गया है, जबकि पॉजिटिविटी रेट 1.68 हो गई है। अब तब संक्रमित मिले 6924 लोगों में से 4397 लोग स्वस्थ होकर घर जा चुके हैं। अब सक्रिय मरीजों की संख्या 2470 हो गई है।
जिले में पंचायत चुनाव के बाद कोरोना संक्रमण का खतरा लगातार बढ़ता जा रहा है। भले ही बीते दो दिनों के सापेक्ष बृहस्पतिवार को नमूनों की संख्या घटी है, लेकिन जांच रिपोर्ट में पॉजीटिव मरीजों के प्रतिशत में उछाल आया है। बृहस्पतिवार को स्वास्थ्य विभाग द्वारा जिले में कुल 1495 सैंपल लेकर जांचें की गई थीं, इनमें से आई जांच रिपोर्ट में कुल 396 नए कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। इनमें आरटीपीसीआर जांच में 237 एवं एंटीजन से 159 मरीज पॉजीटिव पाए गए हैं। जबकि झांसी से कुल 31 मरीजों के कोरोना संक्रमित पाए जाने की सूची प्राप्त हुई है। बृहस्पतिवार को पाए गए कोरोना संक्रमितों में अकेले ललितपुर शहर में ही 188 करोना संक्रमित, तालबेहट क्षेत्र में 71, जखौरा क्षेत्र में 42, मड़ावरा क्षेत्र में 18, महरौनी में आठ और बिरधा क्षेत्र में 21 नए कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। हालांकि, बृहस्पतिवार को कुल 114 मरीजों के ठीक होने पर उन्हें अस्पताल या होमआइसोलेशन से डिस्चार्ज किया गया है। इस प्रकार अब तक जिले में 6,924 संक्रमित मरीजों में से कुल 4,397 मरीजों ने ठीक होकर कोरोना से जंग जीती भी है। हालांकि, वर्तमान में अभी जिले में सक्रिय मरीजों की संख्या बढ़कर अब 2470 हो गई है। वहीं, ठीक होने वाले मरीजों का रिकवरी रेट भी घटा है और बृहस्पतिवार को रिकवरी रेट 63.50 हो गया। जबकि पॉजीटिविटी रेट बीते रोज बुधवार को 1.51 से बढ़कर 1.68 हो गया है। इसके अलावा बृहस्पतिवार को गांधीनगर निवासी नवल किशोर 62 वर्ष एवं बिरधा निवासी चंदादेवी 85 वर्ष की तालबेहट के एल-2 अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई।
------
बृहस्पतिवार को 1495 जांचें की गई थीं, जिनमें 396 मरीज कोरोना पॉजीटिव पाए गए हैं। तालबेहट के एल-2 अस्पताल में उपचार के दौरान एक महिला और एक पुरुष की मौत की सूचना भी मिली है।
- डा. डीके गर्ग, मुख्य चिकित्साधिकारी