ललितपुर। हवाई अड्डा निर्माण के लिए भूमि का अधिग्रहण होने के बाद उसकी पैमाइश कर नागरिक उड्डयन विभाग को सुपुर्द की गई है। इस भूमि पर कुछ लोगों के आवास बने हुए थे। उन्होंने मुआवजा लेने से इन्कार कर दिया था। उन्हें आवासीय पट्टे आवंटित किए गए हैं।
हवाई अड्डा के लिए चिह्नित जमीन पर 34 लोगों के आवास बने हुए थे, जिनके लिए जिला प्रशासन ने ग्राम सिवनी में आवासी पट्टे आवंटित कर दिए हैं। शहर की सीमा पर सेवनी गांव में बनने वाले हवाई अड्डे के लिए भूमि अधिग्रहण का कार्य हाल में पूर्ण हुआ है। जिला प्रशासन ने हवाई पट्टी और उससे सटे गांव सेवनी में 390 एकड़ भूमि चिह्नित कर शासन को प्रस्ताव भेजा। अक्तूबर 2021 से जिला प्रशासन ने भूमि अधिग्रहण शुरू किया। 78 एकड़ भूमि रक्षा व कुछ अन्य विभाग सहित निजी भूमि शामिल थी।
जिला प्रशासन ने आपसी सामंजस्य से नागरिक उड्डयन विभाग के नाम बैनामे कराए, लेकिन 12 एकड़ विवादित भूमि के वाद न्यायालय में चलने के कारण प्रशासन ने ऐसी भूमि का अधिग्रहण कर इसे नागरिक उड्डयन विभाग के सुपुर्द किया। इस भूमि पर बाउंड्रीवाल का निर्माण प्रारंभ हो गया है।