जिला अस्पताल के कई वार्डों में छत से टपक रहा पानी
महिला जिला अस्पताल व बच्चा वार्ड छत का सीमेंट झड़ने लगा
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। जिला अस्पताल के कई वार्डों व प्रशासन केंद्रों में छत से बारिश का पानी रिस रहा है। यही नहीं, महिला जिला अस्पताल व बच्चा वार्ड छत का सीमेंट झड़ने लगा है। इससे वार्ड में कोई अनहोनी होने का अंदेशा बना हुआ है। इसके बाद भी व्यवस्थाएं दुरुस्त नहीं की जा रही हैं।
शासन द्वारा करोड़ों रुपये की लागत से जिला अस्पताल का निर्माण कराया गया है। इसमें तीन मंजिल इमारत बनाई गई है। इसके साथ ही कई वार्ड व ओपीडी संचालित की जा रही है। इसके बावजूद संबंधित अधिकारियों द्वारा भवन का रखरखाव नहीं किया जा रहा है। इससे इसकी छत से पानी रिसने से सीमेंट झड़ने लगा है। ऐसी ही स्थिति अस्पताल के वार्डों में नजर आ रहा है। महिला मेडिकल व बच्चा वार्ड के नर्सिंग रूम की छत से पानी रिस रहा है। इसके कारण छत की सीमेंट झड़ रही है। इतना ही नहीं अधिक सीमेंट झड़ने से छत के सरिया दिखने लगे हैं। वार्ड में कोई अनहोनी होने की आशंका बनी हुई है तो वहीं, दूसरी मंजिल पर बने वार्डों की मुख्य गली में छत से पानी रिस रहा है। जो आने जाने वाले मरीज व तीमारदारों के ऊपर गिर रहा है। जिससे वार्डों में आवाजाही में परेशानी हो रही है। इसके साथ ही तीसरी मंजिल पर बने पुरुष वार्ड में वार्डों के बाद बने शौचालयों के सामने गली में छत से पानी टपक रहा है। जिससे पुरुष वार्ड के मरीजों को शौचालय जाने में फिसलने का भय बना रहता है। इसी तरह महिला सर्जीकल वार्ड में ऊपर की मंजिल पर बने शौचालयों का पानी गिरने से वार्ड में भर्ती मरीजों व तीमारदारों को गंदा पानी ऊपर गिरने का भय बना रहता है। जिससे शौच के लिए जाने में परेशानी हो रही है। भवन की अन्य दीवारों से पानी का रिसाव हो रहा है। भवन का रखरखाव न होने से परिसर में पानी आ रहा है। जिस पर अधिकारी अंजान बने हुए हैं।
भवन के छत से पानी का रिसाव होने की जानकारी है। इसकी मरम्मत के लिए संबंधित ठेकेदार को निर्देशित कर दिया गया है। जिसे शीघ्र की दुरुस्त कराया जाएगा।
-डा. एसके बासवानी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक
जिला अस्पताल ललि तपुर