- 3.79 करोड़ रुपये से होगा ट्रांसफार्मरों के ढांचे में बदलाव
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। बिजली विभाग द्वारा जिले के शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में 31 नए ट्रांसफार्मर रखे जाएंगे। इसके साथ ही 188 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की जाएगी। इससे उन क्षेत्रों में ओवरलोड व लो-वोल्टेज की समस्या से निजात मिलेगी और इससे ज़ुड़े उपभोक्ताओं को सही बिजली आपूर्ति का लाभ मिल सकेगा।
बिजली विभाग द्वारा जिले में बिजली व्यवस्था के ढांचे में सुधार के लिए शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में 31 नए ट्रांसफार्मर रखे जाएंगे। इनमें शहर में 250 केवीए क्षमता का एक ट्रांसफार्मर एडीएम आवास के पास और दूसरा कोर्ट के पास रखा जाएगा। बाकी 63 केवीए क्षमता के 29 ट्रांसफार्मर ग्रामीण क्षेत्रों में रखे जाएंगे। इन सभी ट्रांसफार्मरों के रखे जाने में कुल 82.70 लाख रुपये की धनराशि का खर्च आएगा। वहीं, शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में 36 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि करते हुए सौ केवीए से 250 केवीए किया जाएगा। इन ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि 231.84 लाख रुपये से की जाएगी। इसका काम भी जल्द शुरू किया जाएगा। इसके साथ ही बिजली विभाग द्वारा 10 केवीए व 16 केवीए क्षमता के 109 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि करते हुए 25 केवीए क्षमता के ट्रांसफार्मर रखे जाएंगे। इन ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि में 27.25 लाख रुपये खर्च किया जाएगा। इसी प्रकार शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में 43 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि करते हु़ए उनकी क्षमता 63 केवीए से बढ़ाकर सौ केवीए की जा रही है। सभी ट्रांसफार्मरों को रखवाने के लिए इनकी टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
वर्जन
शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में ओवरलोड व लो-वोल्टेज की समस्या को दूर करने के लिए 31 नए ट्रांसफार्मर रखवाए जा रहे हैं और 188 ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि की जाएगी। यह सभी कार्य 3.79 करोड़ की लागत से होंगे। -वीरभद्र सत्यार्थी, अधीक्षण अभियंता विद्युत