कैप्सन - माताटीला उधान में उमड़े सैलानी 2- ऊफान पर आई बेतवा नदी में बहता पानी
- फोटो : TALDEHATE
तालबेहट (ललितपुर)। पांच दिन की बारिश में अब हर जगह पानी - पानी नजर आने लगा है। बांधों से छोड़े गए पानी के चलते बेतवा नदी उफान पर है। लोग बांधों से गिरते पानी को देखने के लिए देर रात माताटीला बांध पहुंचे। शनिवार की रात में माताटीला बांध के बीस गेट खोलकर तीन लाख सतासी हजार क्यूसेक जलनिकासी की गई। बांधों से पानी छोड़े जाने से बेतवा जगह-जगह उफना गई।
भादो माह का मध्य क्षेत्र के किसानों के लिए अच्छा साबित हो रहा है। बारिश होने से क्षेत्र के तीनों बांध सहित तालाब, नदी, नालों में पानी ही पानी दिखने लगा है। मध्य प्रदेश में हो रही वर्षा के चलते राजघाट और माताटीला बांध में जलस्तर काफी तेजी से बढ़ा। जिसके चलते दोनों बांधों के गेट खोलकर पानी की निकासी की गई।
शनिवार को रात में राजघाट से अधिक पानी छोड़े जाने पर माताटीला बांध के बीस गेटों को 16 फीट की ऊंचाई से खोल कर लगभग तीन लाख सतासी हजार क्यूसेक पानी की निकासी की गई। जो इस सीजन की अभी तक की सबसे अधिक जल निकासी हैं। माताटीला बांध से पानी छोड़े जाने के बाद सुकुवां ढुकुवां बांध में जलस्तर बढ़ गया। जिसके बाद रपटे से जलस्तर बढ़ गया। वही माताटीला बांध से पानी छोड़े जाने की खबर के बाद काफी संख्या में सैलानी बांध से गिरते पानी के दृश्य को देखने पहुंचे। सैलानियों ने गार्डन में जमकर लुत्फ उठाया।
शनिवार को रात में राजघाट से भारी मात्रा में पानी छोड़े जाने के कारण माताटीला बांध से तीन लाख सतासी हजार क्यूसेक पानी की निकासी की गई थी। वही रविवार को दोपहर बाद पानी की निकासी सत्तर हजार क्यूसेक कर दी गई थी।
-- जीके मौर्या, अवर अभियंता, माताटीला बांध प्रखंड
किसानों ने राहत की सांस ली
तालबेहट। जनपद में हो रही वर्षा और बांधों से छोड़े गए पानी के चलते मौसम में पहली बार बेतवा नदी अपने उफान पर दिखी। बेतवा के किनारे निवास करने वाले ग्रामीण उसके बहाव को देखने पहुंचे। वहीं, रात में बांध से छोड़ा गया पानी बेतवा के किनारे किसानों के खेतों में भर गया। भराव क्षेत्र के किसानों के खेतों में पानी भरने से किसान परेशान हुए हालांकि सुबह बेतवा का जलस्तर कम होने पर पानी खेतों से खाली भी हो गया। जिससे किसानों ने राहत की सांस ली।