परीक्षा 25 से, जिले में आठ केंद्रों पर दो पालियों में होगी परीक्षा
संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिले में 25 से 27 अप्रैल तक होने वाली होमगार्ड भर्ती परीक्षा के लिए प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। जिले के आठ केंद्रों पर आयोजित होने वाली इस परीक्षा में प्रत्येक पाली में करीब 3120 अभ्यर्थी शामिल होंगे, जबकि निष्पक्षता सुनिश्चित करने के लिए 270 शिक्षक-शिक्षिकाओं को कक्ष निरीक्षक बनाया गया है।
प्रत्येक दिन दो पालियों में परीक्षा होगी। केंद्रों पर पेयजल सहित आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करते हुए पुलिस बल के साथ प्रशासनिक अधिकारियों की तैनाती रहेगी। साथ ही सेक्टर, जोनल और स्टेटिक मजिस्ट्रेट भी नामित किए गए हैं।
केंद्रवार कक्ष निरीक्षकों की तैनाती में पीएन इंटर कॉलेज में 21, रघुवीर सिंह राजकीय महाविद्यालय में 40, वर्णी जैन इंटर कॉलेज में 29, राजकीय इंटर कॉलेज में 50, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 50, नेहरू महाविद्यालय (भाग-एक) में 20, नेहरू महाविद्यालय (भाग-दो) में 20 और नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज में 40 शिक्षक-शिक्षिकाओं की ड्यूटी लगाई गई है। बीएसए रणवीर सिंह ने सभी को परीक्षा पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए हैं।
इन केंद्रों पर होगी भर्ती परीक्षा
राजकीय इंटर कॉलेज, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, वर्णी जैन इंटर कॉलेज, नगर पालिका बालिका इंटर कॉलेज, पीएन इंटर कॉलेज, रघुवीर सिंह राजकीय महाविद्यालय, नेहरू महाविद्यालय (भाग-एक) और नेहरू महाविद्यालय (भाग-दो) में परीक्षा होगी। इनमें राजकीय इंटर कॉलेज और राजकीय बालिका इंटर कॉलेज में 480-480, पीएन इंटर कॉलेज में 240 तथा अन्य केंद्रों पर 384-384 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे।