ललितपुर। कोरोना संक्रमण की रफ्तार लगातार बढ़ रही है। बृहस्पतिवार को 22 व्यक्तियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। इनमें दो मासूम बच्चे और तीन स्वास्थ्य कर्मी शामिल हैं। अब जिले में संक्रमित मरीजों की संख्या बढ़कर 87 पहुंच गई है। लॉकडाउन से जिले में कोरोना संक्रमण की रफ्तार कुछ थमी थी। तब जिले में मरीजों की संख्या सिर्फ चार थी, लेकिन जैसे ही लॉकडाउन खोला गया, लोग बेखौफ होकर घूमने लगे। इससे संक्रमण की रफ्तार बढ़ गई। बृहस्पतिवार को एक ही दिन में 22 संक्रमित मरीजों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। जो अब तक के कोरोना काल में सबसे अधिक मरीज हैं। संक्रमित मरीजों के सैंपल नौ जुलाई को लिए गए थे। इनकी रिपोर्ट मेडिकल कालेज झांसी के माइक्रोबायोजी विभाग द्वारा आठ दिन बाद मिली है। जिसमें 22 व्यक्तियों में कोविड-19 की पुष्टि हुई है।
इनमें शहर के घंटाघर निवासी तीन वर्षीय बालिका और सात वर्षीय बालक, 30 वर्षीय व्यक्ति, 38 वर्षीय महिला, 16 वर्षीय बालिका, 45 वर्षीय महिला, 40 वर्षीय व्यक्ति, 23 वर्षीय व्यक्ति और 51 वर्षीय व्यक्ति शामिल हैं। इसके अलावा आजादपुरा निवासी दो व्यक्ति हैं, इनकी उम्र 50 वर्ष और 30 वर्ष है। मोहल्ला नेहरूनगर निवासी एक 24 वर्षीय व्यक्ति व 50 वर्षीय एक महिला संक्रमित है। पुरानी बजरिया निवासी 62 वर्षीय महिला और छत्रसालपुरा निवासी 50 वर्षीय व्यक्ति संक्रमित हैं। अर्चित हॉस्पिटल के पास निवासी 37 वर्षीय व्यक्ति भी संक्रमित है। मोहल्ला जुगपुरा निवासी 40 वर्षीय व्यक्ति में संक्रमण की पुष्टि हुई है। इसके अलावा गल्ला मंडी निवासी 38 वर्षीय व्यक्ति और मोहल्ला रावतयाना निवासी 37 वर्षीय व्यक्ति में कोविड-19 की पुष्टि हुई है। मोहल्ला कटरा बाजार निवासी 48 वर्षीय व्यक्ति, मोहल्ला सदनशाह निवासी 32 महिला और तालबेहट के मोहल्ला सिविल लाइन निवासी 30 व्यक्ति संक्रमित पाया गया है। जो स्वास्थ्य कर्मी संक्रमित हुए हैं, उनमें से एक जिला महिला अस्पताल में कार्यरत स्टाफ नर्स, मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय के टीवी विभाग का एक ड्राइवर और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तालबेहट में कार्यरत एक लैब टेक्नीशियन की कोरोना जांच में संक्रमण होने की पुष्टि हुई है।
- टीवी क्लीनिक में संबंधित कर्मचारी केवल उपस्थित दर्ज कराने के लिए आते हैं। संक्रमण की पुष्टि होने के बाद टीवी क्लीनिक को तीन दिन के लिए बंद कर दिया गया है। सैनिटाइज कराया गया। सभी एक दर्जन से अधिक कर्मचारियों के सैंपल लिए गए हैं। - डॉ. जे एस बख्शी, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी
---------
जिले में एक साथ 22 कोरोना संक्रमित पाए गए हैं, इन सभी को तालबेहट के एल-1 हॉस्पिटल में भर्ती किया जा रहा है। परिजनों व संपर्क वालों को चिह्नित कर सैंपलिंग कराई जाएगी। - डॉ. प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी