अंतिम संस्कार को जगह नहीं मिली तो घंटाघर पर जलाएंगे शव
ललितपुर। थाना जाखलौन के अंतर्गत ग्राम बम्होरीकलां के मुहल्ला खुशीपुरा के लोगों ने प्रशासनिक अफसरों को शिकायती पत्र देकर श्मशान घाट बनवाने की मांग की है। इसमें कहा गया कि कब्रिस्तान के लिए जगह-जगह भूमि मुहैया करा दी गई है, लेकिन गांव में हिंदू रीति रिवाज से अंतिम संस्कार के लिए कहीं जगह नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि अंतिम संस्कार को भूमि आवंटित नहीं हुई तो वह घंटाघर प्रांगण में ही शव जलाएंगे।
ग्राम प्रधान गेंदारानी की अगुवाई में स्थानीय लोगों ने जिलाधिकारी व पुलिस अधीक्षक को दिए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि गांव में एक हजार की जनसंख्या पर एक भी श्मशान घाट नहीं है। सरकार ने कब्रिस्तान के लिए भूमि की व्यवस्था तो कर दी है, लेकिन शव के अंतिम संस्कार की समस्या आज भी बनी हुई है। इसके अलावा राशन कार्ड, वृद्घावस्था/विधवा पेंशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय व मनरेगा योजना में सभी पात्रों को लाभ नहीं मिल पा रहा है। आज भी तमाम पात्र योजना में लाभ पाने के लिए यहां-वहां भटक रहे हैं। वहीं, दलालों के हौसले बुलंद हैं। सरकारी स्कूल के रास्ते पर कुछ दबंग किस्म के लोगों ने कब्जा कर लिया है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायती पत्र पर ग्राम पंचायत सदस्य अर्चना, कमल सिंह, शिवचरन, रामसखी, पवन तिवारी, चद्रभान, रामप्रसाद, हल्की, हेमा, जयराम, धनषकुंवर, रामदास अहिरवार, कृष्णपाल, हरदयाल, जगदीश, कैलाश, जगभान आदि के हस्ताक्षर व अंगूठे की निशानी बनी हैं।