डीएम ने आवासों के निरीक्षण के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। कलेक्ट्रेट सभागार में प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी एवं शासी निकाय की बैठक में आवासों के निर्माण की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने योजनांतर्गत पूर्ण हो चुके आवासों के निरीक्षण के लिए अपर जिलाधिकारी को निर्देशित किया।
जिलाधिकारी मानवेंद्र सिंह ने कहा कि जो प्रस्ताव प्रस्तुत किए गए हैं, उनका संबंधित नगरपालिका/नगरपंचायत के द्वारा सत्यापन करा लिया जाए। कोई ऐसा प्रस्ताव तो नहीं है, जिस पर पूर्व से अन्य विभाग द्वारा कार्य किया गया हो। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी की समीक्षा करते हुये परियोजना अधिकारी डूडा को प्रत्येक स्तर के जियो-टेग होने के उपरान्त तत्काल लाभार्थी को किश्त जारी करने के निर्देश दिए। जिन लाभार्थियों को द्वितीय किश्त जारी की गयी है उनके कार्यों की प्रगति की समीक्षा के लिये एक टीम बनाकर सत्यापन कराया जाये। प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी से संम्बधित कार्यों में और तेजी लायी जाये। जिलाधिकारी द्वारा योजनान्तर्गत पूर्ण हो चुके आवासों के निरीक्षण हेतु अपरजिलाधिकारी को निर्देशित किया। बैठक में संयुक्त मजिस्ट्रेट गजल भारद्वाज, अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी पाली विधेश, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका अवनींद्र कुमार, जिला पूर्ति अधिकारी विजयप्रभा, जिला विद्यालय निरीक्षक रामशंकर, परियोजना प्रबंधक डूडा, प्रभारी अति जिला सूचना अधिकारी सुरेंद्र पाल सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।