रसोइया ने महुआखेड़ा स्कूल का खोला ताला
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। परीक्षा के दिनों में भी परिषदीय विद्यालय समय से नहीं खुल रहे हैं। इनमें अध्यापकों की लापरवाही उजागर हो रही है। प्राथमिक विद्यालय महुआखेड़ा का ताला शिक्षकों की गैर मौजूदगी होने पर रसोइया ने ताला खोला। अन्य विद्यालयों में भी विभिन्न लापरवाही उजागर हुई हैं। जिस पर बीएसए ने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की है।
बीते दिवस जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मायाराम ने प्राथमिक विद्यालय महुआखेड़ा का निरीक्षण किया। निरीक्षण के समय स्कूल में एक भी शिक्षक मौके पर नहीं मिला। इस पर बीएसए ने अनुपस्थित अध्यापक का गैर हाजिर दिवस का वेतन काट दिया, साथ ही तीन दिवस में स्पष्टीकरण तलब किया है। प्राथमिक विद्यालय कन्या धनगौल में सहायक अध्यापक पवन मिश्रा बिना किसी सूचना के गायब मिले। इस दौरान न तो अवकाश प्रार्थना पत्र ही था और न ही पत्र व्यवहार पंजिका में अनुपस्थिति के संबंध में कोई सूचना अंकित की गई। इस पर उन्होंने शिक्षक के खिलाफ निलंबन की कार्रवाई के निर्देश दिए। पूर्व माध्यमिक विद्यालय धनगौल में अध्यापक दीनदयाल तीस अगस्त से चिकित्सीय अवकाश पर बताए गए हैं। अध्यापक उपस्थिति रजिस्टर तीस अगस्त का चिकित्सीय अवकाश अंकित था लेकिन तीस अगस्त से अद्यतन तिथियां के कालम में कोई सूचना अंकित नहीं है। अनुदेशक सुम्मेर का अनुपस्थित दिवस का मानदेय काट दिया। प्राथमिक विद्यालय बमनगुवां में प्रधानाध्यापक पंकज पाठक बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए। ग्रामीणों ने इनकी कई शिकायतें भी की। प्राथमिक विद्यालय भुजऊपुरा में इंचार्ज अध्यापक को छात्र उपिस्थति बढ़ाने के निर्देश दिए।
दो शिक्षक निलंबित
बीएसए मायाराम ने प्राथमिक विद्यालय कन्या धनगौल के सहायक अध्यापक पवन मिश्रा व प्राथमिक विद्यालय बमनगुवा के प्रधानाध्यापक पंकज पाठक को लापरवाही बरतने पर निलंबित कर दिया। प्रधानाध्यापक पर आरोप है कि विद्यालय में चाक, डस्टर उपलब्ध नहीं है। एसएमसी का भी गठन नहीं किया गया है। मध्याह्न भोजन रजिस्टर भी स्कूल में नहीं है। इसके अलावा विद्यालय में छात्र उपिस्थिति अंत्यंत न्यून है। वहीं, कन्या धनगौल के सहायक अध्यापक पर बिना किसी प्रार्थना के गायब होने का आरोप है।