साक्षरता दिवस पर युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने पर दिया बल
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। अंतर्राष्ट्रीय साक्षरता दिवस पर विभिन्न संस्थाओं ने विश्व साक्षरता दिवस मनाया। जहां तारा अक्षर कार्यक्रम के अंतर्गत ग्राम ननौरा में कार्यक्रम हुआ। वहीं, रामरतन विद्या मंदिर महावीरपुरा में साक्षरता जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
ग्राम ननौरा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप मे मुख्य विकास अधिकारी शिव नारायण ने कहा कि निरक्षरता हमारे समाज में एक कलंक है। यदि लगन हो तो किसी भी उम्र में शिक्षित/ साक्षर होने से कोई नही रोक सकता। तारा अक्षर के माध्यम से साक्षरता की जो अलख जगायी जा रही है वह सराहनीय है। साक्षर होने के बाद कोई भी व्यक्ति शोषण नहीं कर सकता। अध्यक्षता ग्राम प्रधान कृष्ण पाल सिंह ने बताया कि सोसाइटी फॉर डेवलपमेंट अल्टरनेटिव्स एवं साई ज्योति संस्था के संयुक्त तत्वावधान में आईकिया फाउंडेशन द्वारा समर्थित तारा अक्षर साक्षरता कार्यक्रम ललितपुर जिले के जखौरा ब्लॉक के 28 गांवों में चलाया जा रहा है। अब तक 1840 महिलाओं को साक्षर किया जा चुका है। इसके अलावा साई ज्योति संस्था सचिव अजय श्रीवास्तव, पुष्पेन्द्र, प्रोग्राम कोऑर्डिनेटर अकील अहमद ने भी संबोधित किया। वहीं, सोसायटी फार लीगल एण्ड ऐजुकेशन राईट्स के तत्वावधान में सेडो रिसर्च ने साक्षरता जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें सेडो ग्रुप की निदेशक प्रीति शुक्ला ने संबोधित किया। मुख्य अतिथि अपर जिलाधिकारी योगेंद्र बहादुर सिंह ने मतदाता साक्षरता को विस्तारपूर्वक समझाया। जिला विद्यालय निरीक्षक रामशंकर ने कहा कि लड़कियों को साक्षर होने के साथ आत्म निर्भर होने की जरूरत है। कार्यक्रम में राखी शुभ रत्नाकर, उदयभान सिंह, इंदर सिंह पटेल, अनुराग चतुर्वेदी, अमित शुक्ला आदि उपस्थित रहे।