फोटो- 02,03,04
कैप्सन-
गर्म रहा बृहस्पतिवार, नौ तपा आज से
46 डिग्री तक पहुंचा शहर का तापमान
आज रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करेगा सूर्य, पृथ्वी के सबसे निकट होगा सूर्य
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। शुक्रवार से नौ तपा शुरु हो रहे है, लेकिन इससे पहले ही बृहस्पतिवार का दिन बेहद गर्म रहा, जो लोगों के लिए दिन भर परेशानी का सबब बना रहा। दोपहर में शहर का तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया। तपती धूप से बचने के लिए लोग अपने घरों व ऑफिसों में या फिर छायादार स्थानों पर दुबके रहे और गर्मी से बचाव के लिए हर जरुरी उपाय करते रहे।
आज 25 मई दिन दिन शुक्रवार को सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश कर जाएगा और इसके साथ ही नौतपा शुरु हो जाएंगे। नौ तपा के दिनों में पूरे वर्ष भर में सूर्य पृथवी के सबसे निकट होता है। जिससे सूर्य की किरणें सीधी पृथ्वी पर पड़ती हैं और इन दिनों में मौसम सबसे अधिक गर्म होता है। इस बार रोहिणी नक्षत्र में सूर्य शुक्रवार को दोपहर में दो बजकर 20 मिनट पर प्रवेश करेगा। इस दौरान कन्या का चंद्रमा और सिद्घि योग रहेगा। नौ तपा में जितनी तेज गर्मी पड़ेगी, उतनी ही अच्छी बारिश की संभावना है। यदि इन दिनों में बारिश हो जाए तो आने वाले दिनों में बरसात कम होने के आसार रहते हैं। नौ तपा के दिनों में जहां सूर्य रोहिणी नक्षत्र में रहता है, वचहां उस समय चंद्रमा नौ नक्षत्रों में भ्रमण करता है। नौतपा तीन जून तक रहेगा। इस दौरान लोगों को अधिक गर्मी पड़ने के दौरान घरों से जरुरी काम से ही निकलना चाहिए और लंबी यात्रा से बचना चाहिए। वहीं नौ तपा शुरु होने से पहले ही शहर खूब तपा है। पिछले दो सप्ताह से शहर का तापमान 42 से 44 डिग्री तक पहुंच जा रहा था। लेकिन बृहस्पतिवार को अधिकतम तापमान 46 डिग्री तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 30 डिग्री तक रहा। दोपहर में चिलचिलाती धूप में लोग घरों से कम ही निकले, जरुरी काम होने पर ही लोगों ने तपती धूप में निकलना ठीक समझा और वह भी पूरे इंतजाम के साथ, कि कहीं लू न लग जाए। सुबह के समय से ही बृहस्पतिवार को मौसम में गरमाहट महसूस की गई। अधिकांश लोग धूप में निकलने के दौरान मुंह पर कपड़ा बांधकर घरों से निकले, जबकि गर्मी से बचने के लिए बहुत से लोग दोपहर में तरह-तरह के उपाय करते रहे। कोई बांध के पास सीतापाठ कुंड के पास पानी में नहाते रहे, तो बच्चों ने पानी देखते ही मौज मस्मी शुरु कर दी। किसी ने मौसम की गरमाहट से राहत पाने के लिए गन्ने को रस या फिर नीबू पानी आदि तरल पेय पदार्थ लेेकर गर्मी से बचाव किया, ताकि सेहत भी बनी रहे और जरुरी काम भी नहीं रुकें। अब आज से नौ तपा शुरु हो रहे हैं, ऐसे में एक सप्ताह तक अभी तापमान और भी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।
---बॉक्स---
स्वास्थ्य विभाग ने जारी की एडवाइजरी
शासन के निर्देशों के अनुसार स्वास्थ्य विभाग ने हीट वेव/लू नियंत्रण के लिए एडवाईजरी जारी की है। मुख्य चिकित्साधिकारी डा.प्रताप सिंह ने बताया कि लू से बचाव के लिए लोग पानी ज्यादा पियें, ताकि शरीर में पानी की कमी से होने वाली बीमारियों से बचा जा सके। हल्के, ढीले-ढाले सूती कपड़े पहने, ताकि शरीर तक हवा पहुंचे और पसीने को सोख कर शरीर को ठंडा रखें।
धूप में बाहर जाने से बचें, यदि बहुत जरुरी हो तो धूप के चश्मे, छाता, टोपी एवं जूते या चप्पल पहनकर ही घर से बाहर धूप में निकलें। यात्रा करते समय अपने साथ पानी जरुर रखें। गर्मी के दिनों में ओआरएस का घोल पिएं, वहीं अन्य घरेलू पेय पदार्थ नीबू पानी, कच्चे आम का रस पना, लस्सी आदि का प्रयोग करें, जिससे शरीर में पानी की कमी न हो। गर्मी में होने वाले विकारों, बीमारियों को पहचानें और तकलीफ होने पर तत्काल चिकित्सीय परामर्श लें। जानवरों व पशुओं को छायादार स्थान में रखें और उन्हें पीने के लिए पर्याप्त मात्रा में पानी दें। अपने घर को ठंडा रखें, घर को ढककर या पेंट लगाकर 3-4 डिग्री तक ठंडा रखा जा सकता है, कार्य स्थल पर पानी की समुचित व्यवस्था रखी जाए। वहीं, स्वास्थ्य विभाग ने सलाह दी है कि धूप में खड़े वाहनों में बच्चों व पालतू जानवरों को न छोड़ें। दिन में 11 बजे से दोपहर तीन बजे के बीच बाहर न निकलें। गहरे रंग के भारी एवं तंग वस्त्र पहनने से बचें। खाना बनाते समय कमरे के दरवाजे के खिड़की व दरवाजे खुले रखे जाएं। नशीले पदार्थ, शराब व अल्कोहल के सेवन से बचें। वहीं, यह भी बताया कि उच्च प्रोटीन युक्त खाद्य पदार्थ का सेवन करने से बचें और बासी भोजन न करें।