हाईस्कूल में रिया व इंटर में निधि जिला टॉप
अमर उजाला ब्यूरो
महरौनी। यूपी बोर्ड हाईस्कूल, इंटरमीडिएट के आए परीक्षा परिणाम में गांव की बेटियों ने शहर के छात्र-छात्राओं को पीछे छोड़ते हुए उत्कृष्ट प्रदर्शन किया है। हाईस्कूल में द सन राइज विद्यालय महरौनी की रिया साहू ने जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया। वहीं, महरौनी स्थित सरस्वती विद्या मंदिर की छात्रा निधि सिंह ने जिला टॉप किया है।
रविवार को सुबह से ही छात्र-छात्राएं हाईस्कूल, इंटरमीडिएट के परीक्षा परिणाम को जानने के लिए साइबर कैफे पर उत्सुक नजर आए। इस साल परिणाम में महरौनी के छात्र-छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन किया। हाईस्कूल में द सन राइज इंटर कालेज की रिया साहू ने 600/556 अंक प्राप्त कर जिला टॉप किया तो वहीं किसान इंटर कालेज की छात्रा अनुष्का ने 600/553 अंक प्राप्त लेकर द्वितीय स्थान हासिल किया। ग्राम कुआंघोषी के छात्र रोहित चढार ने 600/551अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान प्राप्त करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया। हाईस्कूल के परिणाम में द सन राइज इंटर कालेज की छात्रा व छात्र ने जिले में प्रथम व तृतीय स्थान प्राप्त कर समूचे क्षेत्र को गौरवान्वित किया है। वहीं, इंटरमीडिएट में सरस्वती विद्या मंदिर महरौनी की छात्राओं ने प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान लेकर शहरियों को पछाड़ा। सरस्वती विद्या मंदिर महरौनी की छात्रा निधि सिंह राजपूत ने 500/448 अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं, इसी कालेज की प्रियंका साहू व राधा निरंजन ने क्रमश: 444 व 442 अंक प्राप्त कर जिले की मेरिट में द्वितीय एवं तृतीय स्थान बनाया। दोनों ही विद्यालयों के बेहतर प्रदर्शन की दिन भर चर्चा बनी रही। छात्र-छात्राओं के परिजनों ने अपने बच्चो को मिठाई खिलाकर बधाई दी और विद्यालय परिवार का भी धन्यवाद किया। वहीं, द सन राइज इंटर कालेज के प्रधानाचार्य संतोष कुमार रावत एवं सरस्वती विद्या मंदिर महरौनी के प्रधानाचार्य गजेंद्र सिंह का कहना है कि क्षेत्र के छात्र-छात्राओं ने कड़ी मेहनत की है। जिसका परिणाम सबके सामने है। टॉपरों के घरों पर बंधाईयों का तांता लगा हुआ है।
इंटर कृषि वर्ग में नरेंद्र ने मारी बाजी
महरौनी। महरौनी नगर के विद्यार्थियों ने जहां हाईस्कूल व इंटरमीडिएट में जिला टाप किया है। वहीं कृषि वर्ग में भी महरौनी के शीतल बडौनिया इंटर कालेज के छात्र ने जिला टाप कर बाजी मारी। नगर स्थित शीतल बडौनिया इंटर कालेज के छात्र नरेंद्र कुमार ने कृषि वर्ग में 88 प्रतिशत अंक प्राप्त कर जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।