सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से दी योजनाओं की जानकारी
ललितपुर। विकासखंड जखौरा में ग्राम स्वराज अभियान के अंतर्गत लाभार्थी सम्मेलन में वर्तमान सरकार के एक वर्ष पूर्ण होने पर विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस दौरान उज्ज्वला योजना, सौभाग्य योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय निर्माण, कर्ज माफी, किसान बीमा से लाभान्वित व्यक्तियों के जीवन में हुए सुधार से आम जनमानस को अवगत कराया गया। आज के कार्यक्रम में विभिन्न लाभार्थियों द्वारा अपने जीवन में आए परिवर्तन से आम लोगों को अवगत कराया गया। कार्यक्रम में लोक सागर सोसायटी के कलाकारों ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया गया। तदुपरांत उप्र सरकार द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं जैस स्वच्छता, शिक्षा, जल ही जीवन है, वृक्षारोपण, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ तथा सरकार की उपलब्धियों पर आधारित गीत आदि गतिविधियों के माध्यम से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। कलाकारों ने गीतों के माध्यम से स्वच्छता और महिला सशक्तीकरण जैसे विषयों पर लोगों को जागरूक किया। आज के कार्यक्रम में खंड विकास अधिकारी, जखौरा सुभाष जैन, सहायक विकास अधिकारी समाज कल्याण निरपथ सिंह, राष्ट्रीय आजीविका मिशन से श्रीविजया जी, श्री सविता मनगुवां एवं लक्ष्मी सिरसी ने अपने अपने विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन लोक सागर सोसायटी के सचिव/निर्देशक शैलेंद्र सागर द्वारा किया गया।