संपूर्ण समाधान दिवस में निपटे 14 मामले
ललितपुर।
महरौनी में बुधवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें 152 शिकायती प्रार्थना पत्र आए, जिसमें से 14 मामलों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। डीएम ने यहां आने वाले शिकायती पत्रों को गुणवत्तापूर्ण निस्तारण करने के निर्देश जारी किए।
बुधवार को महरौनी में डीएम मानवेंद्र सिंह की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधन दिवस का आयोजन किया गया, जिसमें जिलाधिकारी ने सर्वप्रथम सबसे पहले रजिस्टर, शिकायतों के तहसील समाधान रजिस्टर मंगाकर देखा। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान विभिन्न विभागों के जिलास्तरीय तथा विकास खंड स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने पिछले तहसील दिवस में आये प्रार्थना पत्रों की समीक्षा की तथा लंबित चल रहे शिकायती प्रार्थना पत्रों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों को शीघ्र गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारित करने के निर्देश भी दिए। बुधवार को संपूर्ण समाधान दिवस में कुल 152 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें राजस्व विभाग के 46 मामले, पुलिस विभाग के 23, शिक्षा विभाग के 02, स्वास्थ्य विभाग के 03, विकास विभाग के 14, समाज कल्याण विभाग के 05 तथा अन्य विभागों के 59 प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए, जिनमें से 14 मामले मौके पर ही निस्तारित कर दिये गए। जिलाधिकारी ने इन प्रार्थना पत्रों को संबंधित विभागों को सौंपते हुए निर्देश दिये कि इन प्रार्थना पत्रों का समय सीमा के अंदर गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण करना सुनिश्चित करें। उन्होंने यह भी निर्देश दिये कि अगले संपूर्ण समाधान दिवस में कोई भी ऐसी शिकायत न आये जो इस संपूर्ण समाधान दिवस में प्रस्तुत हुई है। साथ में यह भी कहा कि जो भी प्रार्थना पत्र प्राप्त हुये हैं उनका गुणवत्तापूर्ण निस्तारण कराया जाए। अधिकारी संपूर्ण समाधान दिवस में प्राप्त शिकायती प्रार्थना पत्रों का स्वयं परीक्षण करें तथा यह भी प्रयास किया जाए कि शिकायतकर्ता एक ही बार में संतुष्ठ हो जाए, उसे बार-बार भटकना न पड़े। इसी दौरान 15 जुलाई 2017 को लखनऊ के ट्रामा सेंटर में आग लगने के कारण बच्चे की मृत्यु हो जाने पर सुखदीन पुत्र पजनलाल को मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से आर्थिक सहायता के अंतर्गत रुपये 02 लाख का चेक जिलाधिकारी द्वारा प्रदान किया गया। समाधान दिवस में अपर पुलिस अधीक्षक एके विजेता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. प्रताप सिंह, उप जिलाधिकारी महरौनी धीरेंद्र प्रताप सिंह, जिला सूचना अधिकारी पीयूष चंद्र राय, परियोजना निदेशक डीआरडीए बलिराम, तहसीलदार महरौनी सुनील कुमार दुबे सहित समस्त जनपद स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।