ग्राम गुढ़ा बुजुर्ग में बीमार बच्चों का इलाज करती स्वास्थ्य टीम।संवाद
अर्जुन खिरिया। विकासखंड मड़ावरा के गुढ़ा बुजुर्ग गांव में दूषित पानी पीने से एक ही मोहल्ले के 20 से अधिक ग्रामीण और बच्चे बीमार हो गए। इनमें महिलाएं, बच्चे और पुरुष शामिल हैं। ग्रामीणों का आरोप है कि मोहल्ले में लगे एकमात्र हैंडपंप से दूषित पानी निकल रहा है। हैंडपंप में जंग लग चुकी है। इसी पानी को पीने से लोग बीमार हुए हैं।
ग्रामीणों के अनुसार, शनिवार को अचानक 20 से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई। परिवार के लोगों ने पहले घरेलू उपचार किया। ग्रामीणों का कहना है कि मोहल्ले में करीब एक सप्ताह से लोग बीमार हो रहे थे।
ग्रामीण ध्रुव सिंह ने स्थिति की जानकारी मोबाइल से जिलाधिकारी को दी। इसके बाद मड़ावरा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की टीम गांव पहुंची। स्वास्थ्य कर्मियों ने बीमार लोगों की जांच की और उपचार शुरू किया। टीम ने महिलाओं और बच्चों समेत बीमार ग्रामीणों को मौके पर दवाएं भी दीं।
ग्रामीणों ने आशा कार्यकर्ताओं पर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि समय रहते बीमार लोगों की जानकारी स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को दी जाती तो स्थिति इतनी गंभीर नहीं होती। ग्रामीणों ने मामले की उच्च स्तरीय जांच कराने और मोहल्ले में स्वच्छ पेयजल की व्यवस्था करने की मांग की है।
जानकारी मिलने पर स्वास्थ्य टीम गांव में भेजी गई। टीम ने वहां बीमार लोगों की जांच की और पानी के सैंपल लेकर जांच के लिए भेज दिए हैं। जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सही इलाज किया जाएगा। स्वास्थ्य विभाग की टीम लगातार स्थिति पर पूरी नजर बनाए हुए है।
डॉ. उत्कर्ष त्रिपाठी, उप स्वास्थ्य अधिकारी मड़ावरा।
ग्राम गुढ़ा बुजुर्ग में बीमार बच्चों का इलाज करती स्वास्थ्य टीम।संवाद