मानक के विपरीत संचालित हो रहे एक्सरे सेंटर
केवल फिल्म थमा रहे, नहीं दे रहे हैं रिपोर्ट
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। जिले में अवैध एक्सरे एक्सरे सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। यहां शहर से लेकर छोटे कस्बों तक तमाम एक्सरे सेंटर संचालित किए जा रहे हैं। जबकि स्वास्थ्य विभाग में महज सात एक्सरे केंद्रों को लाइसेंस जारी किया गया है। लेकिन यह केंद्र संचालक केवल एक्सरे फिल्म थमा रहे हैं। इसकी रिपोर्ट नहीं दी जा रही है। जिससे मरीज अपने को ठगा सा महसूस कर रहे हैं। इसके बावजूद जिम्मेदार अधिकारी लगातार अनदेखा कर रहे हैं। इसका खामियाजा आम लोगों को परेशान होकर भुगतना पड़ रहा है।
एक्सरे सेंटर संचालित करने के लिए केंद्र संचालक को स्वास्थ्य विभाग में पंजीयन कराना होता है। इसके लिए तमाम मानक निर्धारित किए गए हैं, जिसमें एक रेडियोलॉजिस्ट होना आवश्यक है। इसके साथ ही दो कमरे होना चाहिए। लेकिन स्वास्थ्य विभाग के नियमों को ताक पर रखकर एक्सरे सेंटर संचालित किए जा रहे है। जिस पर एक्सरे के नाम पर मरीजों से मोटी रकम ली जा रही है। इतना ही नहीं ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों से सादा एक्सरे को डिजीटल बताकर मोटी रकम लेकर लूटा जा रहा है। हद तो तब हो गई जब इन मरीजों से शुल्क तो दोगुना लिया जा रहा है। लेकिन इन्हें केवल एक्सरे की फिल्म दी जा रही है। जबकि सेंटर पर फिल्म के साथ ही रिपोर्ट भी दी जाती है। लेकिन जिले के अधिकांश सेंटरों पर केवल फिल्म ही दी जा रही है। सूत्रों के अनुसार जिले में कई एक्सरे सेंटर बिना रेडियोलॉजिस्ट के चलाए जा रहे हैं। इनमें अप्रशिक्षित लोग ही एक्सरे निकाल रहे हैं। इससे यह केवल फिल्म ही मरीजों को दे पा रहे हैं। यह गोरखधंधा जिले में खूब फल फूल रहा है। इसके बाद भी विभागीय अधिकारी इस ओर अनदेखा कर रहे हैं। इससे मरीजों को स्पष्ट रिपोर्ट नहीं मिल रही है। फिल्म से ही जिले के चिकित्सक मरीज का उपचार कर रहे हैं।
विभागीय आंकड़ों में केवल सात
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों की माने तो जिले में केवल सात एक्सरे सेंटर पंजीकृत हैं। जबकि जिले में मुख्यालय के साथ अन्य कस्बा सहित विभागीय आंकड़ों की अपेक्षा कई संचालित हो रहे हैं। लेकिन पंजीयन के साथ गैर पंजीयन एक्सरे सेंटर भी रिर्पोट नहीं दे रहे हैं। इनमें अधिकांश एक्सरे सेंटरों पर रेडियोलॉजिस्ट की तैंनाती नहीं हैं।
बीते वर्ष में नहीं हुई कार्रवाई
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के द्वारा बीते वर्ष में एक बार भी एक्सरे सेंटर का निरीक्षण नहीं किया गया है। इसके साथ ही एक भी सेंटर संचालक पर कार्रवाई नहीं की गई है।
एक्सरें सेंटर संचालकों को फिल्म के साथ रिपोर्ट देने के लिए निर्देशित किया जाएगा। मानक के विपरीत कार्य करने पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, ललितपुर