पालिका बोर्ड बैठक: नौ करोड के प्रस्ताव मंजूर
सड़क, नाली सहित मशीनरी खरीदने को दी गई स्वीकृति
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। नगर पालिका परिषद की बोर्ड बैठक ने नौ करोड़ रुपये से ज्यादा के प्रस्तावों को स्वीकृति प्रदान कर दी है। इससे शहर के विभिन्न वार्डों में सडक, नाली, पुलिया के कार्य हो सकेंगे। वहीं, सार्वजनिक/सामुदायिक शौचालय की सफाई के लिए जेटिंग मशीन फिक्सिंग सहित एवं टिचिंग ग्राउंड पर कचरे की लेवलिंग के लिए जेसीबी मशीन क्रय की जाएगी। इसके अतिरिक्त नगर भवन के ध्वस्तीकरण का भी रास्ता साफ हो गया है।
शनिवार को सुबह 11 बजे से पालिका सभागार में पालिकाध्यक्ष रजनी साहू एवं अधिशासी अधिकारी अवनींद्र कुमार की मौजूदगी में बोर्ड बैठक के दौरान एजेंडा में रखे गए विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा हुई। एजेंडा में शामिल कई प्रस्ताव रखे गए। इनमें से कुछ को बोर्ड बैठक में चर्चा के दौरान निरस्त कर दिए गए। प्रस्ताव संख्या-314 आगामी बैठक तक के लिए टल गया। चर्चा के दौरान सभासदों ने गंदे पानी के शुद्घिकरण के लिए कराए जाने वाले सर्वेक्षण के संबंध में आमजन को होने वाले लाभ के बारे में जानकारी चाही। उन्होंने कहा कि केवल डीपीआर बनाने से आमजन को क्या लाभ होगा? इस पर सहायक अभियन्ता सभासदों को संतुष्ट नहीं कर सके। इसके पश्चात उक्त प्रस्ताव को आगामी बोर्ड बैठक में प्रस्तुत करने पर सहमति बनी। बोर्ड ने अधिशाषी अभियंता जल निगम को अगली बैठक में उपस्थित होने के निर्देश दिए। सभासद अनुराग जैन शैलू सहित अन्य पार्षदों ने स्वकर निर्धारण सर्वे उपरांत गृहकर के अत्यधिक धनराशि के बिल, मंदिर, मस्जिद, गुरूद्वारा, चर्च आदि पर बिना सुनवाई के बिल जारी करने पर घोर आपत्ति जताई। महावीरपुरा में स्थित बजरंग बली मंदिर का बिल बोर्ड के समक्ष प्रस्तुत किया। इस पर बैठक में कर निर्धारण अधिकारी अनिल कुमार अरुण, कर अधीक्षक हेमन्त सिंह को बुलाकर स्थिति स्पष्ट करने के लिए बुलाया गया। अधिशासी अधिकारी अवनींद्र कुमार ने आगे आते हुए मन्दिर, मस्जिद, गुरूद्वारा, चर्च आदि के बढे हुये बिल वापिस करने एवं धार्मिक स्थलों के बिल नियमानुसार जांच उपरान्त माफ करने के निर्देश दिए, तब जाकर मामला शांत हुआ। सभासद उदय प्रताप पटेल ने लिखित रूप से अवगत कराया कि मुहल्ला जुगपुरा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत नगर क्षेत्र स्थित वार्डों में आवास बनवाने के लिए उपलब्ध कराए जा रहे ऋण में धनाढ़यों को पात्रों की श्रेणी में शामिल कर लिया गया है। यही नहीं, उनके खाते में धनराशि भेज दी गई है। वहीं, गरीब लोगों को अपात्र दर्शा दिया गया है। जिससे वार्ड में रहने वाले निर्धन परिवार योजना के लाभ से वंचित हो रहे हैं। इसमें डूडा विभाग के कर्मचारियों द्वारा मनमानी की जा रही है। इस पर ईओ ने परियोजना अधिकारी जिला नगरीय विकास अभिकरण ललितपुर से पत्राचार करने की बात कही। सभासद जहीर अली रानू ने गोविंद नगर के खस्ताहाल मार्ग का मुद्दा उठाया। इस अवसर पर पार्षद रामवती रजक, मुकेश रजक, रामबाबू यादव, कृष्ण कुमार पंथ, पूजा ग्वाला, रोहित राठौर, रजनी रजक, उदय प्रताप यादव, अफजुल रहमान, नाजिया रजा मुस्तफा खां, मंजू लवली शर्मा, जमुना बाई प्रजापति, महेन्द्र कुमार सिंघई, हरीओम कुशवाहा, मोदी पंकज जैन, आलोक कुमार जैन मयूर, जगभान कुशवाहा, शिवानी पाठक, गीता यादव, बाकर अली भोलू, जहीर अली रानू, आशा श्रीवास्तव, अनुराग चैबे, अनुराग जैन, सहायक अभियन्ता सिंचाई खण्ड वीके साहू, सहायक अभियन्ता जल निगम दिनेश कुमार, अधिशाषी अभियन्ता जल संस्थान सुरेशचन्द्र के अलावा पालिका के कार्यालय अधीक्षक रमाकान्त तिवारी आदि उपस्थित रहे।
......
पारित प्रमुख प्रस्तावों पर एक नजर
नगर भवन के जीर्णशीर्ण भवन को गिराकर उसकी जगह बहुमंजिला इमारत बनाने को हरी झंडी दे दी गई। वहीं, शौचालयों की सफाई के लिए एक टाटा एस वाहन पर जेटिंग मशीन फिक्सिंग सहित क्रय करने व टिचिंग ग्राउंड पर कचरा लेवलिंग के लिए जेसीबी मशीन क्रय करने, बस स्टैंड पार्किंग शुल्क के ठेका की बोली राशि को कम करने, जुगपुरा में स्ट्रीट लाइट के लिए सर्वे कराने, सुम्मेरा तालाब के गहरीकरण का भुगतान करने, राजर्षि पुरूषोत्तमदास टंडन पुस्तकालय में बेट्रियां, इंन्वर्टर, एमसीबी, पंखा की आपूर्ति/मरम्मत के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।
.....
आईजीआरएस के प्रकरण डाले ठंडे बस्ते में
बोर्ड बैठक में आईजीआरएस एवं संपूर्ण समाधान दिवस के प्रकरणों को स्वीकृत करने की जगह निरस्त कर दिया गया। इसकी वजह बने पूर्व सभासद। विभागीय कर्मियों ने एजेंडा में पूर्व सभासद का नाम प्रकरणों में प्रमुखता से लिखा गया जो बोर्ड को रास नहीं आया। अंतत: ऐसे प्रकरण निरस्त कर दिए गए।