जिलाधिकारी ने किया सुपोषण स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ
पोषण की रोकथाम को बताया स्वच्छता व सफाई का महत्व
अमर उजाला ब्यूरो
ललितपुर। सुपोषण स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ शनिवार को डीएम मानवेंद्र सिंह द्वारा जिला चिकित्सालय में दीप प्रज्ज्वलन कर किया गया। सुपोषण मेला में स्वास्थ्य उपकेंद्रों पर कुपोषण की रोकथाम और सफाई का पोषण में महत्व के संबंध में जानकारी दी गई।
सुपोषण स्वास्थ्य मेेले में शनिवार को सुबह 10 बजे से दोपहर बजे तक पोषण अभियान और सुपोषण स्वास्थ्य मेले का मुख्यमंत्री द्वारा किये गये शुभारंभ कार्यक्रम का डीडी नेशनल पर लाइव टेलीकास्ट कार्यक्रम को अधिकारियों व कर्मचारियों एवं अन्य उपस्थित व्यक्तियों को दिखाया और सुनाया गया। सुपोषण स्वास्थ्य मेले में जिला कार्यक्रम अधिकारी द्वारा कार्यक्रम में उपस्थित अधिकारियों को पोषण अभियान के उद्देश्य एवं संबंधित मुख्य गतिविधियों की जानकारी दी गई। सुपोषण स्वास्थ्य मेले का आयोजन प्रत्येक माह प्रथम बुधवार को प्रत्येक स्वास्थ्य उपकेन्द्र पर एएनएम, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, आशा, ग्राम्य विकास अधिकारी, ग्राम प्रधान व अन्य के सहयोग से किया जाएगा। जिला पंचायती राज अधिकारी द्वारा कुपोषण की रोकथाम स्वच्छता एवं सफाई का पोषण में महत्व संबंधी जानकारी दी गई। मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा ग्राम स्वास्थ्य पोषण दिवस व स्वास्थ्य हस्तक्षेपों की कुपोषण की रोकथाम की भूमिका के बारे में जानकारी दी गई। सीडीओ द्वारा कुपोषण की रोकथाम एवं पोषण अभियान के सफल क्रियान्वयन हेतु अंतर विभागीय कन्वर्जेन्स समन्वय व सहयोग के महत्व के बारे में जानकारी दी गयी। जिलाधिकारी द्वारा निर्देश दिये गये कि पोषण मिशन अंतर्गत सम्मिलित समस्त विभाग यथा बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग, पंचायती राज विभाग, शिक्षा विभाग तथा खाद एवं रसद विभाग आपसी समन्वय/सहयोग से कुपोषण को दूर करने एवं पोषण अभियान में सम्मिलित जन्म से 05 वर्ष तक के बच्चों, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं एवं किशोरियों के स्वास्थ्य एवं पोषण स्तर में गुणात्मक सुधार हेतु जमीनी स्तर पर फ्रंटलाइन वर्कस के माध्यम से प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित करें। ताकि पोषण मिशन को जन आंदोलन के रुप में मनाये जाने का सपना साकार किया जा सके। जिलाधिकारी द्वारा अवगत कराया कि 15 सितंबर 2018 के बाद सुपोषण स्वास्थ्य मेले के आयोजन के संबंध में वस्तु स्थिति से अवगत होने के लिए जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा स्वास्थ्य उपकेंद्रों का औचक निरीक्षण किया जायेगा। इस मौके मुख्या विकास अधिकारी शिव नारायण, मुख्य चिकित्सा अधिकारी ललितपुर डा. प्रताप सिंह, मुख्य चिकित्सक अधीक्षक डा. बासवानी, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी पुष्पा वर्मा एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी नीरज कुमार सिंह आदि उपस्थित रहे।