सहकारी समिति के दो सचिव निलंबित
ललितपुर।
जिले में गेहूं खरीद के दौरान बरती गई गड़बड़ी के मामले में एक के बाद एक सचिव व प्रभारी लपेटे आ रहे हैं। सहायक आयुक्त और सहायक निबंधक ने मड़ावरा सहकारी समिति के सचिव और ननौरा सहकारी समिति के प्रभारी सचिव को निलंबित कर दिया है, साथ ही ननौरा के सचिव पर जखौरा थाने में एफआईआर दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।
किसानों को समर्थन मूल्य योजना का लाभ दिलाने के लिए जिले में 113 क्रय केंद्र खोले गए हैं। इस दौरान सहकारी समितियों के कई सचिवों और केंद्र प्रभारियों ने जमकर मनमानी बरती। किसी ने किसानों से तुलाई के नाम पर सुविधा शुल्क की मांग की तो किसी ने बिचौलियों के माध्यम से गेहूं खरीदा। इस तरह की शिकायतों की जांच में कई समिति के सचिव और केंद्र प्रभारी फंस गए हैं। एडीएम और मड़ावरा एसडीएम की आख्या पर सहायक आयुक्त और सहायक निबंधक अनूप कुमार द्विवेदी ने मड़ावरा साधन सहकारी समिति के कैडर सचिव उत्तम सिंह को निलंबित करने की संस्तुति जिला प्रशासनिक कमेटी से की है। सचिव पर आरोप है कि उसने सुविधा शुल्क की मांग की और तौल में भी गड़बड़ी की। वहीं, साधन सहकारी समिति के प्रभारी सचिव रामजीवन बिलगैया को निलंबित करने की कार्रवाई अमल में लाने को समिति के अध्यक्ष से कहा है। अपर जिलाधिकारी व जिला खाद्य विपणन अधिकारी के संयुक्त निरीक्षण में प्रभारी सचिव रामजीवन बिलगैया को सिरसी समिति में अवैध रूप से क्रय केंद्र संचालित करने और बिचौलियों का गेहूं खरीदने का दोषी पाया गया है। जिस पर सहायक निबंधक अनूप कुमार द्विवेदी ने पीसीएफ के जिला प्रबंधक को पत्र लिखकर संबंधित की प्रथम सूचना रिपोर्ट में थाना जखौरा में दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं। इससे पहले ललितपुर साधन सहकारी समिति के सचिव का वेतन रोका गया। सहकारी समिति के सचिव की वेतनवृद्धि रोकी गई तो केंद्र प्रभारी पर एफआईआर दर्ज कराई गई। बुढवार संघ के केंद्र प्रभारी का वेतन रोका गया। वहीं, पूराकलां समिति के सचिव पर कार्रवाई हो चुकी है।