ललितपुर। जिले में डेंगू व संक्रामक बीमारियों की रोकथाम के लिए चलाए जा रहे जांच अभियान में स्वास्थ्य विभाग की टीम को 19 एडीज लार्वा मिले। टीम ने मौके पर ही लार्वा रोधी दवा का छिड़काव कर नष्ट किया। बचाव के लिए लोगों को जागरुक किया।
शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग ने राष्ट्रीय वेक्टर जनित रोग नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत शहर के दो मोहल्ला समेत छह ब्लॉक स्तर पर डेंगू व चिकिनगुनियां की रोकथाम के लिए अभियान चलाया गया। इसमें कूलर व कंटेनरों में एडीज मच्छर के लार्वा पाए गए। मलेरिया निरीक्षक अजब सिंह, हरिशचंद्र नामदेव, ज्ञानेंद्र गौतम ने शहर के मोहल्ला व ब्लॉक स्तर पर गांव में जांच की। जिसमें शहर के मोहल्ला रावतयाना वार्ड नंबर 14 में जांच के दौरान कूलर व कंटेनरों में चार एडीज लार्वा मिले। वहीं ग्रामीण क्षेत्र में ब्लॉक बिरधा में एक, बार में चार, तालबेहट में दो, और जखौरा में जांच के दौरान कूलर व कंटेनर में आठ एडीज लार्वा पाए गए। इस पर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लार्वारोधी दवा का छिड़काव कर मौके पर ही नष्ट किया गया। टीम ने लोगों को संक्रामक बीमारियों से बचाव के लिए जागरुक कर बताया कि सप्ताह में एक बार कूलरों व कंटेनरों की सफाई करते रहे। बर्तनों को सूखने के बाद ही दोबारा पानी भरें। इसके अलावा मड़ावरा व बिरधा में लार्वा नहीं पाया गया। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ प्रताप सिंह ने कार्यालयों में रखे कूलरों की नियमित सफाई करने के लिए प्रेरित किया। बीमारियों से बचाव के लिए शरीर को पूरी तरह से ढके रहने वाले कपड़े पहने। वहीं ब्लॉक महरौनी व मड़ावरा में लार्वा नहीं पाए गए।