संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। पूर्वदशम एवं दशमोत्तर छात्रवृत्ति योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2023-24 में 9 करोड़ 79 लाख की छात्रवृत्ति प्रदान की गई। अभी तक 18455 छात्रों को लाभान्वित किया गया है।
जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी राजेश कुमार बघेल ने बताया कि इस शैक्षिक सत्र में अन्य पिछड़ा वर्ग में पूर्वदशम (कक्षा 9-10) में विद्यालय स्तर से 9834 आवेदन पत्र प्राप्त हुए थे। जिला स्तरीय स्वीकृति समिति की अनुमति के बाद पात्र 9199 छात्रों का डाटा शासन को भेजा गया था। अभी तक 5770 छात्रों को छात्रवृत्ति दी जा चुकी है, जबकि शेष छात्रों को इस माह के अंत तक छात्रवृत्ति दे दी जाएगी। दशमोत्तर छात्रवृत्ति में कक्षा 11-12 में विद्यालय स्तर से 8784 में 8214 छात्र पात्र पाए गए थे, इसमें 7485 छात्रों को छात्रवृत्ति दी जा चुकी है।
दशमोत्तर में कुल 9008 छात्रों का डाटा महाविद्यालय स्तर से प्राप्त हुआ था। जनपद स्तरीय छात्रवृत्ति स्वीकृति समिति ने पात्रता का परीक्षण करते हुए 7180 छात्रों को छात्रवृत्ति की सिफारिश राज्य स्तर पर प्रेषित की थी। इन छात्रों में से अभी तक 5200 छात्रों को छात्रवृत्ति की धनराशि उनके बैंक खाते में भेजी जा चुकी है। जिन छात्रों को छात्रवृत्ति दी गई है, उनकी मेरिट 57.67 प्रतिशत या इससे अधिक रही है। इस मेरिट से ज्यादा का यदि कोई छात्र छात्रवृत्ति से वंचित रह गया है, तो वह अपने छात्रवृत्ति का मौजूदा स्टेटस लेकर जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी कार्यालय में संपर्क कर सकता है। उसको छात्रवृत्ति प्रदान की जाएगी।