साढूमल में मोबाइल नैटवर्क न मिलने से उपभोक्ता परेशान
बिजली गुल होते ही ठप हो जाती है मोबाइल नेटवर्क सुबिधा
अमर उजाला ब्यूरो
सैदपुर (ललितपुर)। कस्बा साढ़ूमल में आए-दिन बिजली ठप होने के कारण यहां मोबाइल नेटवर्क भी रुला रहा है। इसके चलते ग्रामीणों को आपालकालीन स्थिति में काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने तहसीलदार को एक ज्ञापन सौंपकर व्यवस्था सुधारने की मांग की है।
कस्बा साढूमल में दो-दो मोबाइल टावर होने के बाद भी ग्रामीणों को मोबाइल सेवा का समुचित लाभ नहीं मिल पा रहा है। कस्बा की बिजली गुल होते ही मोबाइल नेटवर्क सेवा ठप हो जाती है, ऐसे में लड़ाई-झगड़ा बीमारी और दुर्घटना की स्थिति में ग्रामीणों को आपातकालीन वाहन सुविधा का लाभ नहीं मिल पाने से ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कस्बा साढूमल में उपभोक्ताओं को मोबाइल नैटवर्क सेवा की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए बीएसएनएल एवं एयरटेल कंपनी के टावर स्थापित है। लेकिन ये टावर विद्युत आपूर्ति पर निर्भर है, जब तक बिजली रहती है तब तक नैटवर्क सुविधा का लाभ मिलता रहता है बिजली गुल होते ही नेटवर्क सेवा भी ठप हो जाती है। अकेले साढ़ूमल कस्बा की जनसंख्या करीब सात हजार के लगभग है। इसके अलावा आस -पास के गांव सतवांसा, तलऊ भडौला मानिकपुर, आदि गांव इन्हीं टावरों के द्वारा मोबाइल सुविधा से जुड़े हुए हैं। लेकिन इन टावरों पर बिजली गायब होने की स्थिति में जनरेटर या इनवर्टर की सुविधा नहीं होने से नेटवर्क सेवा ठप हो जाने की स्थिति में लोगों को सरकार द्वारा प्रदत्त सुविधाओं का लाभ भी नहीं मिल पाता है। दुर्घटना, बीमारी, प्रसव या लड़ाई झगड़े की स्थिति में लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में ग्रामीणों ने जिलाधिकारी मानवेन्द्र सिंह को संबोधित एक प्रार्थनापत्र तहसीलदार मड़ावरा सौरभ कुमार पांडेय को सौंपकर मोबाइल सेवा में सुधार कराने की मांग की है। ज्ञापन पर राहुल श्रीवास्तव, राहुल गोस्वामी, शिवम सिंह, शिवा सिंह तोमर, रामकुमार गोस्वामी, संदीप मिश्रा, राजू जैन, आनंद सेन, अंसुल जैन, कुलदीप पांडेय आदि के हस्ताक्षर हैं।