चार माह माह भी नहीं चल सकी रोड
ललितपुर। शहर में सड़कों की हालत फिर से बहुत खराब हो गई है और नई बनी सड़कों पर ही गड्ढे होने लगे हैं। जो सड़कें गत महीनों पूर्व जनपद आए सीएम के लिए स़ुधारी गईं, उनमें भी जगह-जगह गड्ढा हो गए हैं। इस बार बारिश भी बहुत ज्यादा नहीं हुई, इसके बाद भी शहर की मुख्य सड़कों के हालात बदतर हो गए हैं, जिससे राहगीरों व वाहन चालकों को इन गड्ढों ने फिर से परेशान कर दिया है और एक वर्ष पूर्व की सड़कों की खराब स्थिति की याद फिर से ताजा कर दी है।
शहर की सुंदरता और सड़कों की स्थिति सुधारने के लिए कुछ माह पूर्व ही मुख्य सड़क के निर्माण के साथ ही अन्य सड़कों की मरम्मत की गई थी। शहर की मुख्य सड़क का निर्माण रेलवे स्टेशन से घंटाघर और रेलवे स्टेशन से देवगढ़ क्रॉसिंग तक किया गया था। वहीं, वर्णी चौराहा से कचहरी चौराहा, कचहरी चौराहा से सदनशाह, जिला अस्पताल तक, तुवन चौराहा से पुलिस अधीक्षक कार्यालय होते हुए ब्लॉक संसाधन केंद्र जखौरा, जेल चौराहा से इलाइट चौराहा होते हुए गल्ला मंडी की सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे ही गड्ढे हो गए हैं। लेकिन कुछ दिनों से शहर में रुक रुककर होने वाली बारिश भी यह सड़कें नहीं झेल सकीं और नविर्मित सड़कों सहित मरम्मत की गईं सड़कों पर जगह-जगह गड्ढे ही गड्ढे हो गए हैं। बारिश से जहां गड्ढे बढ़ गए हैं, वहीं लगभग सभी सड़कों पर बारीक गिट्टी भी उखड़ गई है, जिसके चलते वाहन फिसलने का डर भी बना हुआ है। जबकि कई जगह बारीक गिट्टी की वजह से वाहन फिसलने से दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। शहर की मुख्य सड़कों पर व तिराहों पर कई जगह तो यह गड्ढे जानलेवा साबित हो रहे हैं। तुवन चौराहा पर नहर व पीएनबी बैंक के पास कुछ गहरे गड्ढे काफी खतरनाक साबित हो रहे हैं, जिससे वाहन चालकों को निकलने में भी परेशानी हो रही है। वहीं इससे चंद कदमों की दूरी पर एसपी कार्यालय के पास पूरी रोड उखड़ गई है। इसी प्रकार वर्णी चौराहा से तुवन की ओर वाली रोड पर कई जगह नवनिर्मित सड़क भी उखड़ने लगी है। जिससे अब फर्राटा भरने वाले वाहन यहां कभी भी गंभीर रुप से दुर्घटनाग्रस्त हो सकते हैं। इसी प्रकार अभिलाषा पेट्रोल पंप से पास नगर संसाधन केंद्र से होकर जेल चौराहा की ओर जाने वाली रोड पर सरकारी कालोनी के सामने तो गड्ढे ही गड्ढे हो गए हैं और गिट्टी भी उखड़ गई है, जो पूरी रोड पर बिखरी पड़ी है। ऐसे ही हालात इलाइट चौराहा से गल्ला मंडी रोड के हालात भी काफी दयनीय हो गए हैं और इस रोड पर भी गड्ढों की भरमार हो गई है, जो राहगीरों को काफी मुश्किलें पैदा कर रही है और आए दिन इस रोड पर भी वाहन दुर्घटनाओं की संभावना बहुत अधिक बढ़ गई है। इसी प्रकार जिला अस्पताल के सामने ही गड्ढा युक्त सड़कें भी जानलेवा साबित हो रही हैं, यहां से तेज वाहन निकालना खतरे से खाली नहीं है।